Shiva Sharma Shraddha Dubey: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे की लग्जरी लाइफस्टाइल, महंगी खरीदारी और कथित बैंक बैलेंस को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Shraddha Dubey Luxury Lifestyle: कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे की जिंदगी अब एक नए दौर से गुजर रही है। जिस लग्जरी लाइफस्टाइल की वजह से वो चर्चा में रहती थी, अब वही उसके लिए जी का जंजाल बनती जा रही है। पुलिस लखनऊ के हजरतगंज थाने में श्रद्धा दुबे से पूछताछ कर रही है। हालांकि, ज्यादातर सवालों के जवाब में उसने चुप्पी साधे रखी और सिर्फ इतना कहा कि मेरे वकील से बात कीजिए। लेकिन पुलिस अब श्रद्धा दुबे के फाइनेंशियल ट्रांजेक्शंस और खर्चों को लेकर भी जांच करेगी। बता दें कि नागपुर से गिरफ्तार किए जाने के बाद श्रद्धा को लखनऊ लाया गया है।
श्रद्धा दुबे की लग्जरी लाइफस्टाइल और महंगी खरीदारी चर्चा में
- मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि श्रद्धा दुबे दिल्ली, गुरुग्राम और दूसरे शहरों के मॉल में महंगी खरीदारी करती थी। उसे महंगे गिफ्ट मिलने की जानकारी भी सामने आ रही है।
- इन दावों के सामने आने के बाद खर्च के सोर्स को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अब इस बात की जांच करेगी कि श्रद्धा महंगे आइटम्स पर जो रकम खर्च करती थी, वो पैसा आखिर आता कहां से था?
- इसके साथ ही इस बात की भी जांच होगी कि इन आर्थिक लेनदेन का कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले से कोई संबंध है या नहीं।
श्रद्धा दुबे के बैंक खातों में लाखों रुपये होने का दावा
श्रद्धा दुबे के बैंक खातों में लाखों रुपये होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में उनके बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जांच महत्वपूर्ण हो सकती है। जांच के दौरान बैंक खातों में जमा होने वाली रकम, विदड्रॉल और दूसरे ट्रांजेक्शंस की पड़ताल की जा सकती है। इसके अलावा, महंगी खरीदारी और गिफ्ट से जुड़े दावों की पुष्टि के लिए बैंक रिकॉर्ड, भुगतान का विवरण और अन्य संबंधित दस्तावेज अहम हो सकते हैं।
क्या है पूरा मामला?
- 9 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के हजरतगंज इलाके में बलू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर बिजनेसमैन शिवा शर्मा की मौत हो गई थी।
- शिवा की मां रंजना शर्मा ने 10 अक्टूबर को श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, चालक तनवीर अली उर्फ दानिश और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
- मामले की जांच आगे बढ़ी तो श्रद्धा की कार बहराइच जिले में भारत-नेपाल बॉर्डर के पास दिखी। इसी दौरान नेपाल में ई-रिक्शा पर श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि की तरह दिखने वाली महिलाओं का वीडियो सामने आने की खबर आई।
- इससे दोनों के नेपाल भागने पर शक हुआ और जांच आगे बढ़ी। दूसरी ओर, शिवा शर्मा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि उनके शरीर पर 11 बाहरी चोट और कई आंतरिक चोटें आई हैं।
- 14 से 15 अक्टूबर के बीच श्रद्धा दुबे का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आया. इसमें उसने शिवा की मौत को आत्महत्या बताया और खुद को निर्दोष कहा। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच जारी रखी।
- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और तनवीर अली उर्फ दानिश पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। बाद में 19 अक्टूबर को तीनों पर इनाम की राशि 50 हजार कर दी गई।
- 20 अक्टूबर को लखनऊ पुलिस, उत्तर प्रदेश एसटीएफ और नागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर अली उर्फ दानिश को नागपुर से गिरफ्तार कर लखनऊ लाया गया।









