Siwan Firecracker Blast: बिहार के सीवान के आलमापुर गांव में पटाखों में आग लगने से मकान में भीषण विस्फोट हुआ। हादसे में 4 मौतों की पुष्टि हुई है, जबकि मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।

बिहार के सीवान से शुक्रवार शाम एक ऐसा हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। जामो थाना क्षेत्र के आलमापुर गांव में एक मकान में रखे पटाखों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते धमाकों का सिलसिला शुरू हो गया और मकान का अगला हिस्सा मलबे में बदल गया। मलबा सड़क तक जा गिरा।

सीवान के एसपी भारत सोनी ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि मकान के अंदर सात लोगों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है और मेडिकल टीम बाकी लोगों की स्थिति की पुष्टि कर रही है।

पटाखों में आग लगी और शुरू हो गए धमाके

जानकारी के मुताबिक आलमपुर निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखे रखे हुए थे। इसी दौरान किसी वजह से पटाखों में आग लग गई। आग ने वहां रखे दूसरे पटाखों को भी चपेट में ले लिया, जिसके बाद लगातार विस्फोट होने लगे। धमाकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मकान के अगले हिस्से का मलबा सड़क पर आ गिरा। हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़े: दिल्ली में पानी को लेकर बढ़ी टेंशन! 8 नवंबर तक इन इलाकों में रहेगी सप्लाई की मार

दो घंटे तक सुनाई देती रही धमाकों की आवाज

घटना के बाद करीब दो घंटे तक रुक-रुककर धमाकों की आवाज सुनाई देती रही। हादसा इतना भयावह था कि शवों के बुरी तरह क्षत-विक्षत होने की जानकारी सामने आई है, जिससे उनकी पहचान में भी परेशानी हुई। एसपी के मुताबिक मकान के अंदर सात लोगों के मौजूद होने की बात मुखिया ने बताई थी। मेडिकल टीम और पुलिस मौके पर रेस्क्यू में जुटी है।

लाइसेंस की भी होगी जांच, बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा

एसपी भारत सोनी ने कहा कि मामले में FIR दर्ज की जाएगी और यह जांच होगी कि पटाखे रखने या बनाने के लिए संबंधित लोगों के पास वैध लाइसेंस था या नहीं। ग्रामीणों का दावा है कि उनके पास पुराना लाइसेंस था और वे करीब 20 साल से यह काम कर रहे थे।

एसपी ने बताया कि सभी CO और SHO को लाइसेंस के वेरिफिकेशन के निर्देश दिए गए थे। अब इस मामले में क्या कमियां रह गईं, इसकी भी जांच होगी और जिम्मेदारी तय होने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चार मौतों की पुष्टि हुई है, लेकिन मेडिकल जांच और रेस्क्यू पूरा होने के बाद तस्वीर साफ होगी। पुलिस ने मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।

यह भी पढ़ें: नेहा बोरा को हाईकोर्ट से तगड़ा झटका, ₹10000 के पीस बॉन्ड को चुनौती देने वाली याचिका खारिज