सोनिया गांधी की किताब में खुलासा हुआ कि उन्होंने पति राजीव गांधी को राजनीति में आने से रोका था, लेकिन राहुल गांधी के राजनीतिक फैसले का विरोध नहीं किया। आखिर क्या थी इसकी सबसे बड़ी वजह?

Sonia Gandhi Belonging A Journey of Love: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) में परिवार और राजनीति से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया है कि जब उनके पति राजीव गांधी ने राजनीति में आने का फैसला किया था, तब उन्होंने उनसे ऐसा न करने की विनती की थी। लेकिन जब बेटे राहुल गांधी ने राजनीति में आने का फैसला किया, तो उन्होंने उन्हें नहीं रोका। बता दें कि सोनिया गांधी की यह किताब दुनिया भर में रिलीज हो रही है। इसमें उन्होंने राहुल गांधी के राजनीतिक सफर, अमेठी से उनके जुड़ाव और परिवार की राजनीतिक यात्रा के बारे में विस्तार से बताया है।

राहुल गांधी को राजनीति में आने से क्यों नहीं रोका?

  • सोनिया गांधी के मुताबिक, राहुल गांधी की राजनीति में पहले से दिलचस्पी थी। राजीव गांधी उन्हें स्कूली दिनों में कई बार उत्तर प्रदेश के अमेठी ले जाते थे। इन यात्राओं का मकसद उन्हें ग्रामीण जीवन और वहां के लोगों की समस्याओं से परिचित कराना था।
  • सोनिया गांधी ने बताया कि विदेश से भारत लौटने पर राहुल अपनी मां या बहन के साथ अमेठी जाते थे। लगातार यात्राओं के कारण दोनों भाई-बहन वहां के लोगों के लिए जाने-पहचाने चेहरे बन गए थे।
  • राहुल ने कैम्ब्रिज में एमफिल के दौरान डेवलपमेंट स्टडीज की पढ़ाई की थी। विदेश में नौकरी करते हुए भी वह भारत की राजनीतिक घटनाओं पर नजर रखते थे।

सोच-समझकर लिया राजनीति में आने का फैसला

  • सोनिया गांधी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी लगातार राहुल से सक्रिय राजनीति में भूमिका निभाने का आग्रह कर रही थी।
  • हालांकि, राहुल के लिए यह फैसला आसान नहीं था। राजनीति में आने का मतलब सार्वजनिक जीवन में कदम रखना था, जहां उनके हर काम और फैसले पर नजर रखी जाती।
  • राहुल ने इस बारे में अपनी मां और बहन प्रियंका से चर्चा की। उन्होंने खुद भी काफी विचार किया और फिर राजनीति में आने का फैसला लिया।
  • मार्च 2004 में राहुल गांधी ने अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया। वहीं, सोनिया गांधी ने रायबरेली से चुनाव लड़ने का फैसला किया।
  • राहुल ने अपना पहला चुनाव शानदार तरीके से जीता और नई जिम्मेदारी संभाली।

किताब में राजीव-राहुल के फैसलों की तुलना

  • सोनिया ने किताब में राजीव और राहुल के फैसलों की तुलना भी की है। उनके मुताबिक, उन्होंने राजीव से राजनीति में नहीं आने की विनती की थी, क्योंकि वह परिवार को राजनीति की खतरनाक दुनिया में नहीं धकेलना चाहती थीं। लेकिन राहुल की बारी आई तो उन्होंने उन्हें नहीं रोका।
  • सोनिया गांधी ने बताया कि राहुल को अपने पिता के अंत का पहले ही अंदाजा हो गया था। इस खतरे को लेकर उन्होंने राजीव से बहस भी की थी। इसके बावजूद वह पिता के मूल्यों और साहस से गहराई से प्रभावित थे।

अमेठी में राहुल और प्रियंका के विकास कार्य

  • सोनिया के मुताबिक, राहुल ने अमेठी में ग्रामीण कारोबार और उद्योगों को बढ़ावा देने पर ध्यान दिया। उन्होंने इस दिशा में राजीव गांधी के प्रयासों को आगे बढ़ाया।
  • वहीं, प्रियंका गांधी ने अमेठी में स्वयं सहायता समूह (SHG) शुरू किए। इन समूहों के जरिए महिलाओं को एक-दूसरे का सहयोग करने और सामाजिक बदलाव लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
  • सोनिया ने बताया कि राहुल के जुड़ने से ये समूह उत्तरी भारत के सबसे बड़े समूहों में शामिल हो गए। इसके अलावा, अमेठी में एक नेत्र अस्पताल भी बनवाया गया, जिसकी शाखाएं बाद में लखनऊ और हरियाणा तक फैलीं।
  • सोनिया की किताब में इन घटनाओं के जरिए राहुल और प्रियंका के अमेठी से जुड़ाव और उनके कामकाज की झलक मिलती है।