सूरत में कांस्टेबल शैलेश चुडासमा ने 7वीं मंजिल पर आत्महत्या की कोशिश कर रहे शख्स को बचाया। वह बाहरी ग्रिल से चढ़कर बंद फ्लैट में घुसे और युवक की जान बचाई। उनके इस साहसी बचाव कार्य की खूब सराहना हो रही है।
सूरत: अपनी जान की परवाह किए बिना, सातवीं मंजिल पर बंद फ्लैट में जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश कर रहे एक शख्स को बचाने वाले सूरत के पुलिस कांस्टेबल की हर तरफ तारीफ हो रही है। कांस्टेबल शैलेश चुडासमा ने बिल्डिंग की बाहरी ग्रिल के सहारे चढ़कर फ्लैट में एंट्री की और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। कांस्टेबल शैलेश चुडासमा के इस साहसी रेस्क्यू ऑपरेशन की खूब सराहना हो रही है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

अंदर से बंद था अपार्टमेंट का दरवाज़ा
सूरत का यह पुलिस अफसर आज न सिर्फ स्थानीय लोगों, बल्कि सोशल मीडिया यूजर्स के लिए भी हीरो बन गया है। यह घटना 8 जून की है। सूरत के लस्काना इलाके में एक महिला ने पुलिस को फोन किया और बताया कि उसका पति आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने बताया कि उसके पति ने जहर खा लिया है और उसकी हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम मौके पर पहुंच गई।
हैरतअंगेज रेस्क्यू ऑपरेशन
लेकिन, अपार्टमेंट का दरवाजा अंदर से बंद था। ऐसे में कमरे के अंदर मौजूद शख्स को बचाने के लिए पुलिस को दूसरा रास्ता अपनाना पड़ा। तब कांस्टेबल शैलेश बगल वाले फ्लैट की बालकनी से बाहरी ग्रिल के सहारे लटककर उस फ्लैट तक पहुंचे। उन्होंने अंदर से दरवाजा खोला और युवक को बाहर निकाला। शैलेश ने बताया, "दरवाजा अंदर से बंद था। जब हम अंदर घुसे, तो वह जहर पी चुका था। मैंने तुरंत उसके हाथ से जहर की बची हुई बोतल छीन ली। लेकिन तब तक वह थोड़ा पी चुका था और उल्टियां करने लगा था।" इसके बाद युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी जान बच गई। आत्महत्या की कोशिश करने वाला यह युवक सूरत के हीरा काटने वाले कारखाने में काम करता है। पुलिस की सूझबूझ से उसकी जान बच सकी। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
(आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। अगर आप या आपके किसी जानने वाले को मदद की ज़रूरत है, तो कृपया इन नंबरों पर संपर्क करें: 1056, 0471-2552056)
