सूरत में एक परिवार के 6 सदस्यों को नहर में फेंक दिया गया। 13 वर्षीय बच्चा तैरकर बच निकला। पुलिस को 3 शव मिले हैं। बाकी 2 की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों की खोज कर रही है।
गुजरात के सूरत में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। महाराष्ट्र के जलगांव से मजदूरी के लिए सूरत आ रहे एक परिवार के 6 सदस्यों को कथित तौर पर उकाई परियोजना की नहर में धक्का देकर फेंक दिया गया। इस घटना में 13 साल का एक बच्चा किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और उसने पुलिस को सूचना दी। बच्चे के बयान के मुताबिक, रास्ते में एक सफेद कार आई थी। उसके माता-पिता और दो साल के छोटे भाई को उस कार में बैठाया गया, जबकि बाद में उसे और उसके दो भाई-बहनों को नहर में धक्का दे दिया गया। पुलिस के मुताबिक, अब तक माता-पिता और नौ साल की बेटी के शव बरामद हुए हैं। 15 साल के बेटे और दो साल के बच्चे की तलाश जारी है। मामले की जांच के लिए 60 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।















