जंतर-मंतर मारपीट केस में स्वतंत्र भारद्वाज ने आत्मरक्षा में संजय कुमार पर कड़े से वार करने का दावा किया। CJP ने गिरफ्तारी की मांग की, पुलिस ने चोटें मामूली बताईं।

Jantar Mantar Attack Case: जून में जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक छात्र एक्टिविस्ट के पिता के सिर पर हमला करने के आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज ने अब सफाई दी है। भारद्वाज का कहना है कि उन्होंने यह हमला अपनी आत्मरक्षा में किया था, क्योंकि प्रदर्शन के दौरान भीड़ उन्हें पीट-पीटकर मारने वाली थी। खुद को गौ रक्षक बताने वाले भारद्वाज ने कहा, “मैंने आत्मरक्षा में निशु के पिता के सिर पर अपने कड़े से वार किया था।”

भारद्वाज बोले- दोबारा ऐसी स्थिति आई तो फिर करूंगा वार

भारद्वाज ने अपने किए पर पछतावा भी नहीं जताया। उन्होंने कहा “अगर मुझे फिर से उसी तरह घेरा गया और निशाना बनाने की कोशिश की गई, तो मैं एक बार फिर अपनी आत्मरक्षा में कड़े से वार करूंगा।”

वायरल पॉडकास्ट वीडियो में क्या बोले थे स्वतंत्र भारद्वाज?

CJP के युवा प्रदर्शनकारी निशु के पिता संजय कुमार पर एक विरोध प्रदर्शन के दौरान सिर पर हमला हुआ था। इस हमले के लिए स्वतंत्र भारद्वाज पर आरोप लगाया गया है। भारद्वाज ने बाद में एक पॉडकास्ट में इस घटना को लेकर कथित तौर पर डींगें मारी थीं। पॉडकास्ट की एक वायरल क्लिप में भारद्वाज को यह दावा करते हुए सुना गया कि उन्होंने “खोपड़ी फोड़ दी” और इसके बावजूद उन्हें जेल नहीं हुई। वीडियो में वह हमले की रात बाहर घूमने और जेल नहीं जाने की बात कहते भी सुनाई दिए।

वीडियो वायरल होने के बाद भारद्वाज ने बदला बयान

  • पॉडकास्ट का वीडियो वायरल होने के बाद स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने बयान को अलग तरीके से पेश किया।
  • उन्होंने कहा कि उन्होंने वीडियो में जो बातें कही थीं, वे “मजाक में” कही थीं।
  • स्वतंत्र ने कहा, “मैं एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हूं, इसलिए मैंने जो कुछ भी कहा, वह मजाक में कहा था।”
  • इसके साथ ही उन्होंने अपने ऊपर लगे हमले के आरोप को आत्मरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर वह भीड़ से घिर गए थे और भीड़ उन्हें पीट-पीटकर मारने वाली थी।
  • ऐसे में अपनी सुरक्षा के लिए उन्होंने निशु के पिता संजय कुमार के सिर पर अपने लोहे के कड़े से वार किया था।

CJP ने भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग की

स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर CJP समर्थकों ने दिल्ली में मार्च किया। यह मार्च पटेल चौक से पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन तक निकाला गया। CJP समर्थकों की अगुवाई प्रवक्ता सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका ने की। इस प्रदर्शन में आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी शामिल हुए। उन्होंने पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन करते हुए भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग की।

View post on Instagram

CJP ने लगाया लापरवाही का आरोप

पुलिस स्टेशन के बाहर मीडिया से बातचीत में CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, जब संगठन शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन कर रहा था, उसी दौरान कुछ लोग प्रदर्शन में पहुंचे और हिंसा करने लगे। दास ने कहा, चूंकि नीशू दलित परिवार से है, इसलिए मामले में SC/ST एक्ट लागू किया जाए। CJP अब दिल्ली पुलिस से मांग कर रही है कि मामले में हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया जाए और FIR में लगाई गई धाराओं को बदला जाए।

दिल्ली पुलिस ने गंभीर चोट के दावे को खारिज किया

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने गुरुवार शाम एक फैक्ट चेक जारी किया। पुलिस ने बताया कि 38 वर्षीय संजय कुमार को लगी चोटें मामूली प्रकृति की थीं और उनकी खोपड़ी में कोई फ्रैक्चर नहीं हुआ था। दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में मेडिको-लीगल केस यानी MLC रिपोर्ट का हवाला दिया। पुलिस के मुताबिक, RML अस्पताल के डॉक्टरों ने संजय कुमार की मेडिकल जांच की थी। जांच में उनकी चोटों को मामूली पाया गया।