C Joseph Vijay First Foreign Trip : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय कल अपनी पहली विदेश यात्रा पर लंदन जा रहे हैं। बता दें कि बनने के बाद ये उनका पहला विदेश दौरा है, इसलिए यह टूर बेहद खास होने वाला है।
चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय कल अपनी पहली आधिकारिक विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। वो दुबई के रास्ते लंदन जा रहे हैं। इस दौरे का मुख्य मकसद तमिलनाडु को निवेश के लिए एक बेहतरीन जगह के तौर पर पेश करना है। सीएम विजय कुछ दिनों तक लंदन में रहेंगे और यूरोपीय देशों के उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में वो उद्योगपतियों से तमिलनाडु में आकर नए बिजनेस शुरू करने और बड़ा निवेश करने की अपील करेंगे। जानकारी के मुताबिक, विजय कल रात एमिरेट्स एयरलाइंस की फ्लाइट से दुबई होते हुए लंदन के लिए रवाना होंगे।
CM के बाद विजय का यह पहला विदेश दौरा
मुख्यमंत्री बनने के बाद ये उनका पहला विदेश दौरा है, इसलिए चेन्नई एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। आज चेन्नई के पुराने एयरपोर्ट पर सुरक्षा और प्रोटोकॉल की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एक हाई-लेवल एडवांस सिक्योरिटी लायजन (ASL) मीटिंग भी रखी गई है। खबर है कि मुख्यमंत्री के दौरे की जमीन तैयार करने के लिए राज्य के उद्योग और वित्त विभाग के कुछ सीनियर अधिकारी पहले ही लंदन के लिए रवाना हो जाएंगे। ये अधिकारी वहां द्विपक्षीय बैठकों की तैयारी करेंगे।
लंदन जाने से पहले CM विजय की स्पेशल मीटिंग
- लंदन रवाना होने से पहले, सीएम विजय आज चेन्नई के पनियूर में अपनी पार्टी TVK के मुख्यालय में गठबंधन समन्वय को लेकर एक अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। ये गठबंधन की दूसरी बैठक होगी। इस मीटिंग का फोकस सत्ताधारी गठबंधन के ढांचे और कामकाज को औपचारिक रूप देना है।
- इस बड़ी बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इनमें चुनाव के बाद बने गठबंधन को औपचारिक रूप देना, एक कॉमन मिनिमम प्रोग्राम का ड्राफ्ट तैयार करना, एक संचालन समिति (steering committee) बनाना और गठबंधन के लिए एक आधिकारिक नाम तय करना शामिल है।
बेहद खास है यह विदेश दौरा
सीएम विजय का ये विदेश दौरा हाल ही में हुए 'वेट्री तमिलनाडु इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव 2026' के ठीक बाद हो रहा है। इस कॉन्क्लेव में राज्य सरकार ने 104 समझौता ज्ञापनों (MoUs) के जरिए 1,02,514 करोड़ रुपये के निवेश हासिल करने की घोषणा की थी।


