अभिनेता विजय की कुल संपत्ति ₹624 करोड़ है। उनके बैंक डिपॉजिट में ₹313 करोड़ (₹213 करोड़ बचत खाते में, ₹100 करोड़ FD) हैं। शेयर बाजार में न्यूनतम निवेश के कारण उनकी पारंपरिक निवेश शैली चर्चा में है।
नई दिल्ली: तमिलनाडु की राजनीति में नई एंट्री लेने वाले एक्टर विजय की कुल संपत्ति 624 करोड़ रुपये है। इसमें 404 करोड़ की चल संपत्ति और 220 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। साल 2024-25 में उन्होंने अपनी कमाई 184.53 करोड़ रुपये बताई है, जो उन्हें खुद के काम, किराए और ब्याज से मिली है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उनके बैंक बैलेंस की हो रही है। 27 मार्च, 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, उनके सिर्फ एक सेविंग अकाउंट में 213.36 करोड़ रुपये पड़े हैं। यह अकाउंट सालीग्रामम के इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ब्रांच में है।
इतना ही नहीं, विजय ने चार अलग-अलग बैंकों में कुल 100 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) भी करा रखी है। इसमें एक्सिस बैंक में 40 करोड़, IOB में 25 करोड़, HDFC में 20 करोड़ और SBI में 15 करोड़ रुपये शामिल हैं। यानी, बिना किसी बाजार जोखिम वाले बैंक डिपॉजिट में ही उनके 313 करोड़ रुपये सुरक्षित रखे हैं। आज के जमाने में जहां फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स SIP या म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह देते हैं, वहीं विजय का पुराने जमाने की तरह FD पर भरोसा देखकर सोशल मीडिया पर लोग मजे ले रहे हैं।
एक एक्स (ट्विटर) यूजर ने मजाक में लिखा, "वॉरेन बफे जैसे 300 अरब डॉलर कैश पर बैठे हैं, वैसे ही थलपति विजय 300 करोड़ कैश पर बैठे हैं। वो सच में दूरदर्शी हैं।" विजय का शेयर बाजार में निवेश न के बराबर है। उन्होंने शेयरों में सिर्फ 19.37 लाख रुपये लगाए हैं, जो उनकी कुल संपत्ति का 0.04% से भी कम है। इसके अलावा, उन्होंने म्यूचुअल फंड या बॉन्ड में कोई पैसा नहीं लगाया है।
तमिलनाडु के 'वॉरेन बफे' बने विजय
सोशल मीडिया पर इस बहस में कई लोग उन्हें निवेश की सलाह भी दे रहे हैं। कुछ ने कहा कि "अगर PSU शेयरों में पैसा लगाया होता तो रेगुलर इनकम के साथ संपत्ति भी बढ़ती।" वहीं, एक यूजर ने उन्हें "फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का सबसे बुरा सपना" बता दिया। एक और यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, 'जो शख्स महंगाई और रिटर्न का हिसाब किए बिना अपना पैसा सिर्फ FD में रख दे, वो तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था को कैसे संभालेगा?' हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि तमिल लोग पारंपरिक रूप से सोना और प्रॉपर्टी में ही निवेश करना पसंद करते हैं, और विजय ने भी वही किया है।
विजय की 220 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों में नीलांकराई, सालीग्रामम, मैलापुर और एग्मोर में 115 करोड़ रुपये की 10 रिहायशी इमारतें हैं। इसके अलावा, त्यागराय नगर और शोलिंगनल्लूर जैसी जगहों पर 82.8 करोड़ रुपये की कमर्शियल दुकानें हैं। उनकी सबसे बड़ी कमर्शियल प्रॉपर्टी कोप्पूर गांव में 2.30 एकड़ जमीन है, जिसे उन्होंने 2023 में 35.81 करोड़ रुपये में खरीदा था। साथ ही, पोरूर और नीलांकराई में उनके पास 22 करोड़ रुपये की गैर-खेती वाली जमीन भी है।
