Toyota Hycross E20 fuel : E20 फ्यूल आने से देशभर में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों को लग रहा है कि इसकी वजह से उनकी वाहन खराब हो रहे हैं। इसी बीच टोयटा कंपनी ने एक वायरल वीडियो को लेकर E20 एथेनॉल पर पूरा सच बताया है।
नई दिल्ली: टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) ने शनिवार को उस वायरल वीडियो पर अपनी सफाई दी है, जिसमें एक टोयोटा हाइक्रॉस कार के खराब होने की वजह E20 एथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल को बताया जा रहा था। कंपनी ने कहा है कि यह दावा गलत है। उनकी तकनीकी जांच में सामने आया है कि समस्या E20 फ्यूल की वजह से नहीं, बल्कि मिलावटी यानी खराब फ्यूल के कारण हुई थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "हमारी नजर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कस्टमर के वीडियो पर पड़ी है, जिसमें दावा किया गया है कि एथेनॉल-ब्लेंडेड (E20) फ्यूल के इस्तेमाल से उनकी टोयोटा हाइक्रॉस गाड़ी में दिक्कतें आईं।" बयान में आगे कहा गया, "जिस टोयोटा हाइक्रॉस की बात हो रही है, वह E20-कम्पैटिबल गाड़ी है। इसे E20 फ्यूल पर चलने के लिए ही डिजाइन, टेस्ट और सर्टिफाई किया गया है।"
कंपनी ने बताया सच क्यों खराब हुई गाड़ी?
- TKM ने बताया कि गाड़ी की पूरी जांच करने पर पता चला कि समस्या एथेनॉल वाले पेट्रोल से नहीं, बल्कि फ्यूल में मिलावट की वजह से हुई थी।
- कंपनी ने कहा, "गाड़ी की हमारी विस्तृत तकनीकी जांच के आधार पर, यह समस्या फ्यूल में मिलावट के कारण हुई थी। हमारी जांच में यह पक्का हो गया है कि गाड़ी के किसी भी पुर्जे या उसके फ्यूल सिस्टम को कोई नुकसान नहीं हुआ है।"
TKM के मुताबिक, गाड़ी को सर्विस के तय तरीकों से ठीक कर दिया गया।
गाड़ी में स्टैंडर्ड E20 फ्यूल भरा था
- बयान में बताया गया, "हमारे सर्विस प्रोटोकॉल के तहत, फ्यूल टैंक और फ्यूल लाइनों को खाली करके अच्छी तरह साफ किया गया और गाड़ी में स्टैंडर्ड E20 फ्यूल भरा गया। गाड़ी की जांच की गई और वह बिल्कुल ठीक पाई गई, जिसके बाद उसे कस्टमर को सौंप दिया गया।"
- कंपनी ने कहा कि जांच के नतीजों से यह साफ हो गया है कि इस घटना का कारण E20 फ्यूल नहीं था।
TKM ने कहा, "इसलिए, यह साफ है कि इस घटना का E20 फ्यूल के इस्तेमाल से कोई लेना-देना नहीं है और यह पूरी तरह से खराब और मिलावटी फ्यूल के कारण हुई थी।"
ऑटोमोबाइल कंपनी ने ग्राहकों को दी एक सलाह
- ऑटोमोबाइल कंपनी ने ग्राहकों को यह भी सलाह दी है कि वे मिलावट के खतरे से बचने के लिए केवल भरोसेमंद पेट्रोल पंप से ही फ्यूल खरीदें।
- कंपनी ने कहा, “हम अपने ग्राहकों को हमेशा सलाह देते हैं कि वे हमेशा अधिकृत और भरोसेमंद फ्यूल स्टेशनों पर ही फ्यूल भरवाएं ताकि फ्यूल में मिलावट के जोखिम को कम किया जा सके, जो गाड़ी की परफॉर्मेंस पर बुरा असर डाल सकता है।”
- कंपनी ने आगे कहा, "हम ग्राहकों से यह भी अपील करते हैं कि वे किसी भी जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें और किसी भी सवाल या चिंता के लिए अपने नजदीकी टोयोटा डीलरशिप या टोयोटा कस्टमर केयर टीम से संपर्क करें। हम अपने सभी ग्राहकों को एक सुरक्षित, भरोसेमंद और शानदार अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


