US President Donald Trump News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) का खुलकर सपोर्ट किया है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमलों को देखते हुए मिडिल ईस्ट के एनर्जी रूट को ईरान की पहुंच से दूर ले जाना जरूरी है।
Iran Commercial Shipping Attacks: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (स्थानीय समय) को कहा कि उनका प्रशासन भारत-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) का पूरी तरह से समर्थन करता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) से इतर GCC और अरब नेताओं के साथ एक बैठक में ट्रंप ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान पश्चिमी एशियाई देशों में कई हमले हुए हैं। ऐसे में कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमलों को देखते हुए मिडिल ईस्ट के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को ईरान के चेकपॉइंट्स से दूर ले जाने की सख्त जरूरत है।
ट्रंप ने कहा, "...पड़ोसी देशों में कमर्शियल जहाजों पर ईरान के आतंकी हमलों ने यह साफ कर दिया है कि मिडिल ईस्ट के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को ईरानी चेकपॉइंट्स से दूर शिफ्ट करना होगा। यही वजह है कि मेरा प्रशासन भारत-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर का मजबूती से सपोर्ट करता है। इसके अलावा तेल बाहर निकालने के लिए पाइपलाइन या अन्य विकल्पों का भी हम समर्थन करते हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि यह क्षेत्र अब अपनी पुरानी चुनौतियों से पार पाने के करीब है। ट्रंप के मुताबिक, "हम सब मिलकर उन चुनौतियों को खत्म करने की कगार पर हैं, जिन्होंने दशकों से इस क्षेत्र को परेशान कर रखा है।"
एक सुरक्षित और खुशहाल मिडिल ईस्ट
ट्रंप ने बैठक में मौजूद नेताओं को अमेरिका का सबसे करीबी सहयोगी और पार्टनर बताया। उन्होंने कहा कि इन सभी की कोशिशें मिडिल ईस्ट को ज्यादा सुरक्षित और खुशहाल बनाने के लिए हैं। ट्रंप ने कहा, "अमेरिका के कुछ सबसे बेहतरीन और करीबी दोस्तों, सहयोगियों और पार्टनर्स के साथ यहां होना मेरे लिए सम्मान की बात है। हम एक सुरक्षित और समृद्ध मिडिल ईस्ट के लिए अपनी कोशिशें जारी रखेंगे।"
क्या है भारत-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर?
साल 2023 में भारत-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) की शुरुआत की गई थी। इसमें एक ईस्टर्न कॉरिडोर है जो भारत को खाड़ी देशों (गल्फ रीजन) से जोड़ता है। वहीं, एक नॉर्दर्न कॉरिडोर है जो खाड़ी देशों को यूरोप से कनेक्ट करता है। इस बड़े प्रोजेक्ट में रेलवे और शिप-रेल ट्रांजिट नेटवर्क के साथ-साथ सड़क परिवहन के रास्ते भी शामिल होंगे।
ईरान को ट्रंप की चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपनी पिछली बातों को दोहराते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर ईरान को तबाह करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “हमने ईरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग कर दिया है और उम्मीद है कि वे जल्द ही सही कदम उठाएंगे... वरना एक समय ऐसा आएगा जब बहुत देर हो चुकी होगी, और हम उन्हें एक देश के रूप में बचने का मौका नहीं देंगे। मैं ऐसा होते देखना चाहूंगा, और मैं आपको बता सकता हूं कि इस टेबल के आसपास बैठे लोग भी यही देखना चाहेंगे।”
