Karnataka Congress Protest: SIR में धांधली का आरोप लगाते हुए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन 5 नवंबर को बेंगलुरु में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेंगे। बीके हरिप्रसाद ने साफ कहा है कि जब तक ज्ञानेश इस्तीफा नहीं देते, यह लड़ाई जारी रहेगी।
Gyanesh Kumar Resignation: केपीसीसी अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने बताया कि SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) में कथित धांधली को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल 5 नवंबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में एक विशाल विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होगा।
ब्लॉक और तालुका स्तर पर भी होगा प्रदर्शन
मंगलवार को केपीसीसी दफ्तर में इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए हरिप्रसाद ने चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक यह आंदोलन नहीं रुकेगा। आने वाले दिनों में तालुका और ब्लॉक स्तर पर भी ऐसे ही प्रदर्शन किए जाएंगे।
दिल्ली के बाद अब बेंगलुरु में हल्ला बोल
यह विशाल प्रदर्शन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में हुए विरोध का ही अगला हिस्सा है। हरिप्रसाद ने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस संवैधानिक संस्थाओं का गलत इस्तेमाल करके लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके खिलाफ और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह लड़ाई लंबी चलेगी।
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने दिल्ली में तय किया है कि पूरे देश में तालुका और ब्लॉक स्तर पर यह विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कर्नाटक में गठबंधन के नेताओं ने फैसला किया है कि पहले बेंगलुरु में प्रदर्शन होगा और उसके बाद इसे जिला और तालुका स्तर तक ले जाया जाएगा।




