Panchkula Crane Accident: इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नवीन और मनीष के तौर पर हुई है. नवीन हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले का रहने वाला था, जबकि मनीष बिहार के गोपालगंज से था. दोनों की उम्र 22 से 23 साल के बीच बताई जा रही है.

Panchkula News: हरियाणा के पंचकूला में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में चार मंजिला इमारत की छत पर जनरेटर पहुंचाने के दौरान हाइड्रोलिक क्रेन अचानक पलट गई। हादसे में क्रेन पर मौजूद दो हेल्परों की मौत हो गई।

तीसरी मंजिल पर बिगड़ा क्रेन का संतुलन

जानकारी के मुताबिक, करीब दोपहर 3:30 बजे क्रेन की मदद से जनरेटर को इमारत की छत पर पहुंचाया जा रहा था। दोनों हेल्पर जनरेटर के ऊपर बैठे हुए थे। जब जनरेटर को तीसरी मंजिल तक पहुंचाया गया, तभी वजन का संतुलन बिगड़ गया और हाइड्रोलिक क्रेन पलट गई।

क्रेन के पलटते ही दोनों हेल्पर जनरेटर के साथ नीचे सड़क पर जा गिरे। ऊंचाई से कंक्रीट की सड़क पर गिरने के कारण दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नवीन और मनीष के रूप में हुई है। नवीन हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले का रहने वाला था, जबकि मनीष बिहार के गोपालगंज जिले का निवासी था। दोनों की उम्र करीब 22 से 23 साल बताई जा रही है।

क्रेन ऑपरेटर को भी लगी चोट

हादसे में क्रेन ऑपरेटर को भी मामूली चोटें आई हैं। क्रेन के पलटने के दौरान आसपास लगे बिजली के दो खंभे भी उखड़ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-19 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को संभालने के साथ सड़क को साफ कराया। बिजली के खंभे गिरने के कारण किसी और हादसे की आशंका को देखते हुए इलाके की बिजली आपूर्ति भी एहतियातन बंद कर दी गई।

अभी दर्ज नहीं हुई FIR

सेक्टर-19 पुलिस चौकी प्रभारी PSI कमलजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले में FIR दर्ज नहीं की गई है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम के लिए शव अस्पताल में रखे गए

दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। नवीन के परिवार के गुरुवार देर रात तक पंचकूला पहुंचने की उम्मीद है, जबकि मनीष के परिवार को बिहार से पहुंचने में अधिक समय लग सकता है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीसरी मंजिल तक जनरेटर पहुंचाते समय वजन का संतुलन बिगड़ने से क्रेन पलट गई। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।