Uber Support Viral Post: Uber Support से एक X यूजर ने इंसान होने का सबूत देने के लिए ‘Potato’ लिखने को कहा। जवाब में आया लंबा टेम्पलेट, जबकि KFC ने सिर्फ ‘Potato’ लिखकर सोशल मीडिया का ध्यान खींच लिया। जानिए क्या है पूरा मामला।
X Viral Post: सोशल मीडिया पर कभी-कभी एक छोटा-सा सवाल किसी बड़े सिस्टम की पूरी तस्वीर सामने ला देता है। Uber Support के साथ X पर हुई ऐसी ही बातचीत इन दिनों इंटरनेट पर खूब चर्चा में है। एक यूजर ने कस्टमर सर्विस से परेशान होकर बेहद आसान टेस्ट रखा, उसने लिखा अगर सामने कोई इंसान है, तो सिर्फ “Potato” लिखकर जवाब दे दो। लेकिन Uber Support की तरफ से आया जवाब इतना लंबा और औपचारिक था कि यूजर्स का शक और बढ़ गया। खास बात यह रही कि पूरे जवाब में वह शब्द कहीं नहीं था, जिसकी मांग की गई थी। जानिए पूरा मामला...
‘इंसान हैं तो Potato लिखिए’ यूजर ने क्यों किया ऐसा टेस्ट?
X पर एक यूजर ने Uber Support को टैग करते हुए लिखा, “Say potato if a single one of you is human @Uber_Support.” यानी अगर आपकी टीम में कम से कम एक व्यक्ति भी इस अकाउंट को संभाल रहा है, तो बस “Potato” लिख दीजिए। यह सवाल यूं ही नहीं पूछा गया था। यूजर लगातार मिल रहे सामान्य और दोहराए जाने वाले कस्टमर सर्विस जवाबों से परेशान था और उसने यह जानने का एक मजेदार तरीका निकाला कि वास्तव में दूसरी तरफ कोई इंसान है या नहीं। नीचे देखें वायरल पोस्ट-
Uber का जवाब पढ़कर सोशल मीडिया ने पकड़ लिया ‘पोटैटो’ वाला पॉइंट
Uber Support ने इसके जवाब में एक लंबा संदेश भेजा। कंपनी ने कस्टमर की परेशानी समझने की बात कही और बताया कि अकाउंट, डिटेल्स और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री की समीक्षा के बाद इस ऑर्डर पर रिफंड देना संभव नहीं है। जवाब में असुविधा और निराशा के लिए माफी भी मांगी गई। लेकिन यूजर के आसान से टेस्ट का जवाब नहीं मिला। Uber ने कहीं भी “Potato” शब्द नहीं लिखा। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया यूजर्स ने इसी बात को पकड़ लिया। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि कंपनी ने पूरा पैराग्राफ लिख दिया, लेकिन “potato” लिखना भूल गई। दूसरे ने इस अनुभव को मौजूदा डिजिटल कस्टमर सपोर्ट की निराशाजनक तस्वीर बताया।
ये भी पढ़ें- Delhi Metro Viral Video: फोन चिपकाकर डांस, 2 दिन में 13.5 करोड़ व्यूज, जानिए वीडियो का सच
KFC ने सिर्फ एक शब्द लिखकर जीत लिया इंटरनेट
मामला तब और मजेदार हो गया जब KFC के आधिकारिक X अकाउंट ने बातचीत में सिर्फ एक शब्द लिखा “Potato”। ब्रांड के इस छोटे से जवाब ने वायरल पोस्ट को नया मोड़ दे दिया। जहां Uber का जवाब अपनी लंबाई और तयशुदा भाषा को लेकर चर्चा में था, वहीं KFC ने केवल मांगा गया शब्द लिखकर पूरा मजाक अपने पक्ष में कर लिया। इस घटना ने एक बड़े सवाल को भी सामने ला दिया है, क्या ऑनलाइन कस्टमर सपोर्ट में इंसानी बातचीत धीरे-धीरे दुर्लभ होती जा रही है? सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने ऑटोमेटेड सिस्टम, AI आधारित सपोर्ट और इंसानी एजेंट तक पहुंचने में होने वाली मुश्किलों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
हालांकि वायरल पोस्ट अपने आप में यह साबित नहीं करती कि Uber का जवाब AI ने लिखा था। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने यह जरूर दिखा दिया कि जब ग्राहक को सीधा और व्यक्तिगत जवाब चाहिए, तब एक बेहद साधारण “Potato” टेस्ट भी कंपनियों के कस्टमर सपोर्ट सिस्टम पर सवाल खड़े कर सकता है।
ये भी पढ़ें- वो शादी नहीं कर रहा है ना.. ChatGPT को इंसान समझकर बात करने लगीं नानी, फिर जो हुआ वो दिल छू लेगा
