Umaria Road Accident: मध्य प्रदेश के उमरिया में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। यह मंजर इतना भयानक था कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
उमरिया (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से एक बेहद दुखद खबर आई है. यहां नेशनल हाईवे-43 पर एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
सिद्ध बाबा मंदिर के पास हुआ हुआ हादसा
- यह हादसा गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुआ. पुलिस के मुताबिक, हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के भरौला गांव में सिद्ध बाबा मंदिर के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों व घायल को अस्पताल भिजवाया।
- एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया, "आज सुबह करीब 3 बजे, अनूपपुर का एक परिवार कार से किसी पारिवारिक काम के लिए जा रहा था। उमरिया और कटनी के बीच भरौला गांव में सिद्ध बाबा धाम के पास उनकी कार सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। हम इस मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।
जो जिंदा बचा वो भी लड़ रहा जंग
- पुलिस के अनुसार, मरने वालों की पहचान कुलपत सिंह (37), सविता सिंह (32), प्रियंका सिंह (24) और एक तीन साल के बच्चे के रूप में हुई है। वहीं, 22 साल की खुशबू मार्को गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
- चीफ मेडिकल एंड हेल्थ ऑफिसर (CMHO) डॉक्टर वी.के. चंदेल ने बताया, "आज सुबह अस्पताल में जानकारी मिली कि भरौला के पास हुए एक्सीडेंट के पांच लोगों को यहां लाया गया है. इनमें से चार की मौत हो चुकी थी, जबकि पांचवीं शख्स (एक महिला) की हालत बेहद गंभीर थी. जब वह यहां पहुंचीं तो उनकी नब्ज बहुत कमजोर थी. डॉक्टरों ने तुरंत सीपीआर दिया और फर्स्ट एड देकर उनकी हालत स्थिर की।


