Sexual Relationship: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शादी से पहले युवती को भरोसे में लेकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप सामने आया, जिसके बाद बीमारी का बहाना बनाकर दूल्हा शादी से मुकरा, केस दर्ज।
शादी किसी भी लड़की और उसके परिवार के लिए नई उम्मीदों की शुरुआत होती है। लेकिन उन्नाव में एक युवती के साथ जो हुआ, उसने इन उम्मीदों को गहरे सदमे में बदल दिया। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, तारीख तय थी और दोनों परिवार रिश्ते को अंतिम रूप दे चुके थे। इसी बीच होने वाले दूल्हे पर युवती को शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगा है।

शादी की तारीख नजदीक आते ही बदले दूल्हे के तेवर
मामला उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी पिछले साल लखनऊ के सरोजनीनगर निवासी युवक से तय हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति के बाद 21 जून को विवाह की तारीख भी निर्धारित कर दी गई थी। युवती के परिजनों ने गोदभराई की रस्म के दौरान दूल्हे के पिता को करीब दो लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, चेन और अन्य उपहार दिए थे, जिनकी कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पीड़िता का आरोप है कि रिश्ता तय होने के बाद युवक का उनके घर आना-जाना बढ़ गया। इसी दौरान उसने युवती और उसके परिवार का भरोसा जीत लिया। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर युवक ने शादी का वादा करते हुए युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
अस्पताल में भर्ती होने का दावा, परिजनों को देखकर लेट गया बेड पर
युवती ने पुलिस को बताया कि जैसे-जैसे शादी की तारीख करीब आई, युवक का व्यवहार बदलने लगा। 19 जून को उसने फोन कर बताया कि वह गंभीर रूप से बीमार है और बंगला बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती है, इसलिए शादी नहीं कर सकता।
इस सूचना के बाद युवती के परिजन अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि वहां युवक अस्पताल के बाहर टहलता मिला, लेकिन परिजनों को देखते ही वह वापस अंदर जाकर बेड पर लेट गया और बीमार होने का दिखावा करने लगा। युवती ने कुछ डॉक्टरों पर भी युवक का साथ देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि बाद में उसे जानकारी मिली कि युवक ने किसी दूसरी युवती से रिश्ता तय कर लिया है और उसी से शादी करने के लिए उसका रिश्ता तोड़ा गया।
मामले में पीड़िता ने आरोपी युवक और उसके परिवार के खिलाफ अजगैन थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


