UP Vidhan Sabha Chunav Kab Hoga 2027: क्या यूपी में 2027 की बजाय इसी साल विधानसभा चुनाव हो सकते हैं? अचानक चुनाव की चर्चा क्यों बढ़ी? चुनाव आयोग समय से पहले चुनाव कराने को लेकर क्या संकेत दे रहा है? चुनाव जल्दी कराने के क्या सबसे बड़े कारण हो सकते हैं?
UP Assembly Election 2027 Time: उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में इस समय एक ही सवाल सबसे तेजी से चल रहा है, क्या यूपी में विधानसभा चुनाव अपने तय समय से पहले हो सकते हैं? वैसे तो चुनाव 2027 की शुरुआत में होने चाहिए, लेकिन लखनऊ से लेकर दिल्ली तक जो सियासी हलचल दिख रही है, वो कुछ अलग ही कहानी बयां कर रही है। अखिलेश यादव की दिल्ली में ताबड़तोड़ बैठकें, सीएम योगी आदित्यनाथ के जिलों में धुआंधार दौरे और मायावती का अंदरखाने उम्मीदवारों को फाइनल करना, ये सब महज इत्तेफाक नहीं हैं। आइए जानते हैं कि पर्दे के पीछे क्या पक रहा है और वक्त से पहले चुनाव होने की नौबत क्यों आ रही है...

इन 3 बड़े इशारों ने बढ़ाई सियासी धड़कनें
अखिलेश यादव का दिल्ली प्लान
पिछले कुछ दिनों के अंदर तीन ऐसी बड़ी बातें हुई हैं, जिन्होंने समय से पहले चुनाव की अटकलों को हवा दे दी है। इनमें सबसे पहला अखिलेश यादव का दिल्ली दौरा है। 8 जून को दिल्ली में विपक्षी गठबंधन (INDIA ब्लॉक) की एक बड़ी बैठक हुई, जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हुए। इसके ठीक पहले राहुल गांधी ने यूपी के बड़े दलित और पिछड़े नेताओं के साथ बैठक करके सपा के PDA फॉर्मूले को और मजबूत करने पर चर्चा की।
बीजेपी का 'बंगाल मॉडल'
लखनऊ में बीजेपी के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने पार्टी के 98 जिला अध्यक्षों के साथ बैठक में साफ कहा कि यूपी में इस बार पश्चिम बंगाल चुनाव मॉडल अपनाया जाएगा। इसके तहत राज्य के 1.76 लाख बूथों पर बेहद तेजी से 'बूथ पालक' तैनात किए जा रहे हैं।
नेताओं का इलेक्शन मोड
सीएम योगी ने जिलों का दौरा करके करोड़ों के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास शुरू कर दिया है। मंत्रियों को तुरंत अपने प्रभार वाले जिलों में कैंप करने को कहा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दूसरी तरफ अखिलेश यादव ने अंदरखाने करीब 200 उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं, ताकि वक्त कम पड़ने पर तुरंत लिस्ट जारी की जा सके। वहीं, मायावती और ओम प्रकाश राजभर भी अपने-अपने प्रभारी और कैंडिडेट फाइनल करने में जुट गए हैं।
यूपी में समय से पहले चुनाव कराने के 3 बड़े कारण
1. जनगणना और चुनावी स्टाफ का दबाव
देश में जनगणना का काम चल रहा है। इसके लिए बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगी हुई है। चुनाव कराने के लिए भी यही प्रशासनिक मशीनरी इस्तेमाल होती है। ऐसे में दोनों काम एक साथ होने पर प्रशासन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है।
2. बोर्ड परीक्षाओं का समय
फरवरी और मार्च में यूपी बोर्ड, CBSE और ICSE की परीक्षाएं होती हैं। लाखों शिक्षक परीक्षा ड्यूटी में लगे रहते हैं। अगर चुनाव भी इसी दौरान होते हैं तो व्यवस्थाएं संभालना चुनौती बन सकता है।
3. महंगाई और आर्थिक मंदी का डर
आने वाले दिनों में दुनियाभर के हालातों की वजह से महंगाई और आर्थिक मंदी का असर जमीन पर ज्यादा साफ दिख सकता है। जानकारों का कहना है कि जनवरी-मार्च की आखिरी तिमाही में अगर जनता के बीच महंगाई को लेकर नाराजगी बढ़ी, तो सत्ता में बैठी बीजेपी के लिए रिस्क बढ़ सकता है। मंदी का असर जमीन पर दिखने से पहले ही चुनाव कराकर भारतीय जनता पार्टी इस रिस्क से बचना चाहेगी।
यूपी इलेक्शन को लेकर चुनाव आयोग की क्या है तैयारी?
इस पूरे मामले पर जब चुनाव आयोग के अधिकारियों से बात की गई, तो उनका कहना है कि असली तस्वीर वोटर लिस्ट (मतदाता सूची) के प्रकाशन से साफ होगी। आमतौर पर फाइनल वोटर लिस्ट जनवरी के बीच में आती है। लेकिन अगर चुनाव पहले कराने का फैसला होता है, तो आयोग इस बार अंतिम वोटर लिस्ट को नवंबर तक ही प्रकाशित कर देगा। आयोग के पास समय से पहले भी चुनाव कराने की पूरी तैयारी है।


