UP Election 2027: बीजेपी दिसंबर से यूपी में बड़ा चुनावी अभियान शुरू करने की तैयारी में है। मोदी-शाह की रैलियों, जन आशीर्वाद यात्रा, टिकट बंटवारे और YouTubers की भूमिका पर जानिए पूरा प्लान।
उत्तर प्रदेश में 2027 की सत्ता की लड़ाई अभी दूर है, लेकिन सियासी बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है। लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही भारतीय जनता पार्टी अब चुनावी तैयारियों को नई रफ्तार देने जा रही है। दिसंबर से बीजेपी प्रदेश में बड़े स्तर पर अभियान शुरू करने की तैयारी में है। खास बात यह है कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे दिग्गज नेताओं के साथ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी पार्टी की चुनावी रणनीति का हिस्सा बन सकते हैं।
दिसंबर से शुरू होगा BJP का मेगा चुनावी अभियान
बीजेपी की योजना दिसंबर से उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियां तेज करने की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के शीर्ष नेताओं के प्रदेश दौरे प्रस्तावित हैं। बूथ सम्मेलनों और शक्ति केंद्रों की बैठकों के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। अमित शाह के इन सम्मेलनों को संबोधित करने की योजना है।
यह भी पढ़ें: Akhilesh Yadav News: 'गढ़ किसी का नहीं होता' मुख्यमंत्री योगी के शहर में अखिलेश यादव की हुंकार
यूपी के 6 क्षेत्रों में निकलेगी जन आशीर्वाद यात्रा
बीजेपी उत्तर प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्रा निकालने की तैयारी कर रही है। इन यात्राओं की जिम्मेदारी प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जा सकती है।
योजना के मुताबिक, यात्राओं का समापन लखनऊ में एक विशाल रैली के साथ होगा। इस रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित कर सकते हैं। हालांकि कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा सामने आना बाकी है।
टिकट बंटवारे से पहले कार्यकर्ताओं का लिया जाएगा फीडबैक
इस बार बीजेपी टिकट वितरण से पहले जमीनी कार्यकर्ताओं की राय को अहमियत देने की तैयारी में है। राज्य सरकार के मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी देने की योजना है। मंत्री वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मिलकर संगठन और सरकार के कामकाज पर फीडबैक लेंगे। इस फीडबैक का इस्तेमाल उम्मीदवारों के चयन में किया जा सकता है।
YouTubers और Influencers भी बनेंगे चुनावी रणनीति का हिस्सा
बीजेपी की प्रस्तावित रणनीति का दिलचस्प पहलू डिजिटल प्रचार है। पार्टी हर जिले में सक्रिय यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की पहचान करने की योजना बना रही है। इनके माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की कोशिश होगी। खासतौर पर युवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाना इसका उद्देश्य हो सकता है।
मथुरा में मंथन, 2024 की कमजोरियों पर BJP की नजर
मथुरा में आयोजित दो दिवसीय रणनीतिक बैठक में बीजेपी के 54 प्रमुख प्रदेश पदाधिकारियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। बैठक में संगठन की मजबूती और चुनावी प्रचार को लेकर चर्चा हुई। 2022 के विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने वाली बीजेपी को 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में झटका लगा था। ऐसे में पार्टी की नजर उन सीटों पर है, जहां उसका प्रदर्शन कमजोर रहा। अब देखना होगा कि मोदी-शाह की रैलियों, बूथ मैनेजमेंट और डिजिटल प्रचार का यह नया प्रयोग 2027 में बीजेपी को कितना फायदा पहुंचाता है।
यह भी पढ़ें: Udaipur Family: 15 करोड़ का बिजनेस ठुकराया, अब पूरा परिवार लेगा जैन दीक्षा, आखिर क्यों?










