गणतंत्र दिवस 2026 पर उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियों ने कर्तव्य पथ पर विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने आत्मनिर्भर नारी, समृद्ध गांव और सशक्त उत्तर प्रदेश का संदेश दिया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियों ने देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेकर प्रदेश का मान बढ़ाया। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत चयनित ये महिलाएं कर्तव्य पथ, नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इन दीदियों ने आत्मनिर्भर नारी, समृद्ध गांव और सशक्त उत्तर प्रदेश का संदेश देशभर तक पहुंचाया।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री से संवाद, ग्रामीण आजीविका पर चर्चा
गणतंत्र दिवस के अवसर पर यूपी की लखपति दीदियों ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान महिलाओं ने ग्रामीण विकास, नवाचार और रोजगारपरक व्यवसायों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
दुग्ध व्यवसाय से लेकर ई-रिक्शा तक, दीदियों ने साझा की अपनी सफलता
लखपति दीदियों ने दुग्ध व्यवसाय, कैफे संचालन, मसाला निर्माण, उन्नत कृषि, ब्यूटी पार्लर, ई-रिक्शा संचालन, गो-आधारित उत्पाद और प्रेरणा कैंटीन जैसे क्षेत्रों में किए गए अपने कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। इटावा की मंत्रवती देवी सहित अन्य महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से वे आत्मनिर्भर बनीं।
शिवराज सिंह चौहान ने की लखपति दीदी अभियान की सराहना
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लखपति दीदी अभियान ग्रामीण भारत में महिला सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बन रहा है। यह अभियान महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ सम्मान और पहचान भी दिला रहा है।
पहली बार गणतंत्र दिवस की भव्यता की साक्षी बनीं अधिकांश दीदियां
गणतंत्र दिवस परेड देखने के बाद सभी लखपति दीदियों ने गर्व और उत्साह व्यक्त किया। अधिकांश दीदियां पहली बार दिल्ली पहुंची थीं और पहली बार ही गणतंत्र दिवस के भव्य समारोह की साक्षी बनीं। दिल्ली प्रवास के दौरान उनके ठहरने और कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं रक्षा मंत्रालय और ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा की गईं।
यूपी के बदलते सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य की झलक
कार्यक्रम के दौरान संभल की अनुपमा सिंह को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 27 जनवरी को यूपी की लखपति दीदियों को अन्य राज्यों की दीदियों के साथ दिल्ली के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखपति दीदी अभियान ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता, सम्मान और सशक्तिकरण की नई पहचान बन चुका है। 14 लखपति दीदियों की यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश के बदलते सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य को दर्शाती है।
कर्तव्य पथ पर प्रदेश का मान बढ़ाने वाली यूपी की 14 लखपति दीदियां
- मंशा देवी: पंचायत हरपुर, ब्लॉक ब्रह्मपुर, गोरखपुर
- प्रवेश कुमारी: पंचायत बुखारा, ब्लॉक मऊरानीपुर, झांसी
- रितु देवी: ग्राम फिरोजपुर नरोत्तम, ब्लॉक देवमल, बिजनौर
- सरिता देवी: ग्राम पंचायत मीरजापुर जवई, ब्लॉक सिराथू, कौशांबी
- ऋतु शर्मा: ग्राम लालपुर, ब्लॉक टप्पल, अलीगढ़
- निर्मला देवी: ग्राम बरसंपुर, ब्लॉक कर्वी, चित्रकूट
- राजकुमारी देवी: ग्राम रखही, ब्लॉक भौरोहिया-कैंपियरगंज, गोरखपुर
- मंत्रवती शाक्य: ग्राम नगला भिखन, ब्लॉक जसवंतनगर, इटावा
- विजेता गोयल: पंचायत कशांपुर, ब्लॉक बसरेहर, इटावा
- अनुपमा सिंह: पंचायत बनियाखेड़ा, संभल
- गुड़िया देवी: ग्राम केवलपुर, ब्लॉक रोहनिया, रायबरेली
- आशा: पंचायत सकरापार, ब्लॉक देवरिया सदर, देवरिया
- सुमन देवी: पंचायत अब्दुलपुर मुन्ना, ब्लॉक हल्दौर, बिजनौर
- मोनिका: ग्राम खग्गूपुरा, ब्लॉक संभल, जनपद संभल


