अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रंप-मोदी की गहरी दोस्ती का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कैसे ट्रंप किसी भी वक्त मोदी को फोन कर सकते हैं, यह मानते हुए कि मोदी उनकी तरह कम सोते हैं। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता भी अंतिम चरण में है।
वॉशिंगटन: भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच गहरे निजी रिश्ते का एक दिलचस्प किस्सा सुनाया है। उन्होंने बताया कि कैसे ट्रंप, मोदी को अपना दोस्त मानते हैं और किसी भी वक्त उन्हें फोन कर सकते हैं। यह बात उन्होंने वॉशिंगटन डीसी में हुए 9वें 'यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम' (USISPF) लीडरशिप समिट में कही।

सर्जियो गोर ने बताया, ''कुछ महीने पहले मैं राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मियामी में एक UFC इवेंट में था। उसी वक्त राष्ट्रपति ने मुझसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन लगाने के लिए कहा। मैंने उनसे कहा कि अभी भारत में सुबह के 6 बजे हैं। इस पर ट्रंप का जवाब था, 'वो उठ गए होंगे। वो बिल्कुल मेरी तरह हैं, वो सोते नहीं हैं'।''
गोर ने इस घटना का मतलब समझाते हुए कहा, ''यह किस्सा दिखाता है कि जब आप किसी के दोस्त होते हैं, तो आपको हर चीज पहले से तय करने की जरूरत नहीं होती। राष्ट्रपति ट्रंप, प्रधानमंत्री मोदी को एक दोस्त की तरह देखते हैं। जब आप किसी के दोस्त होते हैं, तो आप उनका फोन उठाते हैं, आप उनका हालचाल पूछते हैं।''
इसी समिट में सर्जियो गोर ने यह भी साफ किया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर चल रही बातचीत अपने आखिरी दौर में है। उन्होंने कहा कि अब इसमें सिर्फ एक या दो प्रतिशत काम ही बाकी रह गया है।
