CM योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर दौरे पर टेमासेक होल्डिंग्स सहित कई विदेशी निवेशकों से मुलाकात की। अवसंरचना, स्वास्थ्य, लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर और कौशल विकास में निवेश पर चर्चा हुई।

सिंगापुर/लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और मजबूत बनाने के उद्देश्य से अपने सिंगापुर दौरे के पहले दिन कई प्रमुख विदेशी निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इन बैठकों में उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले सिंगापुर की अग्रणी निवेश कंपनी Temasek Holdings के चेयरमैन Teo Chee Hean और उनकी टीम से मुलाकात की। बैठक में टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो और उत्तर प्रदेश में संभावित निवेश पर विचार-विमर्श किया गया।

उत्तर प्रदेश में निवेश का आमंत्रण: अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स और स्वास्थ्य सेक्टर पर फोकस

मुख्यमंत्री ने टेमासेक को उत्तर प्रदेश में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवाएं, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास और अन्य संबंधित क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। बैठक में टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी Manipal Hospitals द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश तथा Ascendas द्वारा राज्य में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास के लिए करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी साझा की गई। इन निवेशों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक अवसंरचना को नई गति मिलने की उम्मीद है।

डेटा सेंटर और कौशल विकास में सहयोग पर सहमति

बैठक में दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर और कौशल विकास जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर सहमति व्यक्त की। यह सहयोग उत्तर प्रदेश की भविष्य उन्मुख अवसंरचना के निर्माण और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में सहायक होगा। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, तेजी से विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और उभरते लॉजिस्टिक्स हब के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत पारदर्शी, त्वरित और निवेशक-अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही है।

ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों के साथ दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य में बड़े स्तर पर रोजगार सृजन और तकनीकी क्षमता का विकास हो सके। उनका यह दौरा उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद है कि इससे राज्य को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की ओर नई गति मिलेगी। गौरतलब है कि निवेश प्रोत्साहन अभियान के तहत केशव प्रसाद मौर्य भी इस समय यूरोप दौरे पर हैं।