Katra Banihal Section: वंदे भारत एक्सप्रेस ने गुरुवार को श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल सेक्शन पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ लगाई। जम्मू रेलवे डिवीजन ने हाल ही में इस रूट पर स्पीड लिमिट बढ़ाई थी। उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक प्रोजेक्ट के लिए यह एक बहुत बड़ी कामयाबी है।
Chenab Bridge Vande Bharat: दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज 'चिनाब ब्रिज' पर वंदे भारत एक्सप्रेस ने 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ लगाकर इतिहास रच दिया है। ट्रेन ने भारत के पहले केबल वाले रेलवे ब्रिज 'अंजी ब्रिज' को भी इसी स्पीड से पार किया।
जम्मू रेलवे डिवीजन के तहत आने वाले श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल सेक्शन पर हाल ही में अधिकतम स्पीड लिमिट को बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा किया गया था। इसके बाद गुरुवार को वंदे भारत ने इस स्पीड पर अपना सफल सफर पूरा किया। उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लिंक प्रोजेक्ट में इसे एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है।
111 किलोमीटर लंबे कटरा-बनिहाल सेक्शन पर पहले अधिकतम स्पीड 75 किलोमीटर प्रति घंटा तय थी। अब इसे बढ़ाकर 100 कर दिया गया है। रेलवे ने स्पीड बढ़ाने से पहले अगस्त में सभी जरूरी सेफ्टी चेकिंग पूरी कर ली थी। सुरक्षा के सभी मानकों को परखने के बाद ही रेल मंत्रालय ने स्पीड बढ़ाने की हरी झंडी दी।
चिनाब ब्रिज और अंजी केबल ब्रिज भारतीय रेलवे के इंजीनियरिंग का एक अद्भुत नमूना हैं। आपको बता दें कि इस रेल रूट पर सिर्फ कटरा-बनिहाल सेक्शन में ही 33 सुरंगें (टनल) हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 जून 2025 को इस रूट पर कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी।
