हिमाचल प्रदेश में एक बंदर कुत्ते के पिल्ले को पेड़ पर ले गया। उसने पिल्ले की देखभाल की और कुछ देर बाद उसे सुरक्षित नीचे छोड़ दिया। इस अनोखी घटना का वीडियो वायरल हो गया है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बंदर कुत्ते के बच्चे (पिल्ले) को पेड़ पर ले जाकर उसकी देखभाल कर रहा है। ये मामला हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रिवालसर इलाके का बताया जा रहा है। स्थानीय खबरों के मुताबिक, बंदर सड़क किनारे घूम रहे एक आवारा पिल्ले को उठाकर करीब 20 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया। इस अजीब नजारे पर जैसे ही लोगों की नजर पड़ी, वे हैरान रह गए। कई लोग पेड़ के नीचे जमा हो गए, क्योंकि उन्हें डर था कि कहीं बंदर पिल्ले को ऊंचाई से नीचे न गिरा दे।

लेकिन लोगों की चिंता के उलट, बंदर उस पिल्ले की ऐसे देखभाल कर रहा था, जैसे वो उसका अपना बच्चा हो। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि बंदर ने करीब 10 से 15 मिनट तक पिल्ले को अपने पास सीने से लगाकर रखा। कुछ देर पेड़ पर रहने के बाद बंदर नीचे उतरा और पिल्ले को सुरक्षित जमीन पर छोड़ दिया। कुत्ते के बच्चे को कोई चोट नहीं आई।
देखिए वायरल वीडियो
यह वीडियो अब इंटरनेट पर खूब शेयर किया जा रहा है। कई लोग इसे दिल छू लेने वाला और जानवरों के बीच एक-दूसरे के लिए अनोखे प्यार का उदाहरण बता रहे हैं। कुछ स्थानीय लोगों का मानना है कि शायद बंदर के अंदर उस छोटे जानवर के लिए ममता जाग गई होगी। हालांकि, इस घटना के बाद इलाके के लोग इस बात पर भी चर्चा कर रहे हैं कि क्या बंदर इसी तरह छोटे बच्चों को भी उठा सकते हैं। वीडियो के कारण इलाके में थोड़ी चिंता और बेचैनी का माहौल भी है।
लेकिन, पर्यावरणविद नरेंद्र सैनी ने लोगों को शांत रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि रिवालसर की घटना को चिंता का कारण नहीं मानना चाहिए, क्योंकि ऐसी घटनाएं असामान्य नहीं हैं। उनका कहना है कि बंदर अक्सर दूसरे जानवरों के बच्चों के प्रति स्नेह दिखा सकते हैं, इसलिए इस वायरल वीडियो से घबराने की जरूरत नहीं है।
