महाराष्ट्र के यवतमाल के 2 साल के रुद्रांश सिंह ठाकुर की इंस्टाग्राम रील को 138 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले हैं। अब होंडा शोरूम मालिक ने 'ऑरा किड' की किंडरगार्टन से ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई का खर्च उठाने का वादा किया है।
Viral Instagram Reel: सोशल मीडिया पर कब, किसकी किस्मत बदल जाए, कहना मुश्किल है। महाराष्ट्र के यवतमाल के दो साल के रुद्रांश सिंह ठाकुर के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। होंडा एक्टिवा की डिलीवरी के दौरान बनाया गया उसका एक वीडियो इंस्टाग्राम पर 138 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। अब इस वायरल वीडियो के चलते बच्चे को ऐसा तोहफा मिला है, जो उसके भविष्य के काम आएगा। स्थानीय होंडा शोरूम के मालिक ने किंडरगार्टन से लेकर ग्रेजुएशन तक उसकी पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का वादा किया है।
Viral Video: सनग्लासेस और अंदाज ने बनाया इंटरनेट सेंसेशन
- यह वीडियो 9 नवंबर को यवतमाल के एक होंडा शोरूम में शूट हुआ था। रुद्रांश अपने माता-पिता और बड़ी बहन के साथ नई एक्टिवा लेने पहुंचा था।
- नई स्कूटर के सामने सनग्लासेस लगाए और जेब में हाथ डालकर पोज देते रुद्रांश का अंदाज लोगों को खूब पसंद आया।
- वीडियो वायरल हुआ तो लोग उसे 'ऑरा किड' कहने लगे।
- 19 नवंबर तक रील को 138 मिलियन से ज्यादा व्यूज, 11.5 मिलियन लाइक्स, 68 हजार से अधिक कमेंट्स और 2.5 मिलियन शेयर मिल चुके हैं।
Honda Showroom Owner: ग्रेजुएशन तक पढ़ाई का खर्च उठाएंगे
वीडियो की लोकप्रियता 'साई पॉइंट होंडा' के मालिक दिलीप बोबाडे पाटिल तक पहुंची। उन्होंने रुद्रांश और उसके परिवार को बुलाकर किंडरगार्टन से ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई का खर्च उठाने का ऐलान किया।
- बच्चे की किंडरगार्टन से लेकर ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई का खर्च शोरूम मालिक उठाएंगे।
- इस पहल की जानकारी कंटेंट क्रिएटर यश चिंचोलकर ने भी साझा की।
- उन्होंने इसे वायरल वीडियो के बाद मिले दूसरे उपहारों से ज्यादा अहम बताया।
Viral Reel पर मां ने जताई खुशी
रुद्रांश की मां ने कहा कि पहले उन्हें सोशल मीडिया पर दूसरे बच्चों के वीडियो देखना अच्छा लगता था। अब अपने बेटे को इतना प्यार मिलता देखकर वह बेहद खुश हैं। परिवार के लिए यह वायरल वीडियो सिर्फ लोकप्रियता नहीं, बल्कि बच्चे की पढ़ाई से जुड़ी एक बड़ी मदद लेकर आया है।














