पश्चिम बंगाल में CM सुवेंदु अधिकारी ने अपनी नई सरकार के मंत्रियों को विभाग बांटे। स्वपन दासगुप्ता को वित्त मंत्री बनाया गया है। CM ने गृह और ऊर्जा जैसे अहम विभाग अपने पास रखे हैं।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपनी सरकार के नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता को वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, तापस रॉय को उद्योग मंत्रालय मिला है। अन्य मंत्रियों की बात करें तो शरद्वात मुखर्जी को स्वास्थ्य और दुद कुमार मोंडल को कृषि विभाग दिया गया है। पत्रकार से नेता बने जगन्नाथ चट्टोपाध्याय उच्च शिक्षा मंत्री होंगे, जबकि दीपक बर्मन स्कूली शिक्षा विभाग का काम देखेंगे।

शंकर घोष को पर्यटन और संसदीय कार्य विभाग का जिम्मा मिला है। अर्जुन सिंह को श्रम और परिवहन मंत्री बनाया गया है। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर इंद्रनील खान खेल, युवा और वाणिज्य विभाग संभालेंगे। एक अन्य राज्य मंत्री मालती रवा रॉय को महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
बता दें कि इसी साल 1 जून को पश्चिम बंगाल में 35 नए मंत्रियों ने शपथ ली थी। इसके साथ ही सुवेंदु अधिकारी की अगुवाई वाली कैबिनेट में कुल मंत्रियों की संख्या 41 हो गई है। इससे पहले 9 मई को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच मंत्रियों ने शपथ ली थी। कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 19 कैबिनेट मंत्री, तीन स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 19 राज्य मंत्री शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गृह, भूमि सुधार, राहत और ऊर्जा जैसे अहम विभाग अपने पास रखे हैं। वहीं, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को पंचायत, ग्रामीण विकास और कृषि विपणन जैसे विभाग दिए गए हैं। गौरतलब है कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बीजेपी ने बंगाल में 15 साल से चले आ रहे तृणमूल कांग्रेस के शासन को खत्म कर सत्ता हासिल की है।
