Lucknow Fire Tragedy : लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड में पश्चिम बंगाल की 29 साल की अनामिका सामंत की भी मौत हो गई। बेटी का शव लेने पहुंचे पिता ने दर्द बयां किया है।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश): पश्चिम बंगाल से एक परिवार अपनी 29 साल की बेटी अनामिका सामंत का शव लेने मंगलवार को लखनऊ पहुंचा है। अलीगंज इलाके की एक कमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग में अनामिका समेत 15 लोगों की जान चली गई थी। बेटी को खो चुके विश्वनाथ सामंत ने ANI को बताया कि अनामिका कई सालों से लखनऊ में काम कर रही थी और एक 3D एनिमेशन आर्टिस्ट थी।

- उन्होंने कहा, "वो यहां तीन साल से 3D एनिमेशन का काम कर रही थी। हमें लोकल पुलिस स्टेशन से यहां के ऑफिसर-इन-चार्ज से संपर्क करने को कहा गया। हमें बताया गया कि वो आग से बचकर निकल नहीं पाई और सब कुछ जल गया। हम कोलकाता से आए हैं."
एक हफ्ते पहले मिलकर लौटे थे पिता अब शव लेने पहुंचे"
- अनामिका के भाई आकाश ने बताया कि उनकी बहन से आखिरी बार एक दिन पहले सुबह में बात हुई थी।उनके माता-पिता तो बस एक हफ्ता पहले ही लखनऊ में उससे मिलकर पश्चिम बंगाल लौटे थे।

"रोज होती थी बात, उस दिन फोन खामोश हुआ
- आकाश ने कहा, "वो इस कंपनी में तीन साल से थी। इससे पहले भी वो दो-चार और कंपनियों में काम कर चुकी थी। उसे कुल छह-सात साल का अनुभव था." उन्होंने यह भी बताया कि बेहतर मौकों के लिए लखनऊ आने से पहले अनामिका चंडीगढ़ में काम करती थी।
- पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर खड़े आकाश ने कहा, "मैं उससे रोज बात करता था, कल सुबह आखिरी बार बात हुई थी। उसके बाद से वो फोन नहीं उठा रही है। क्या पता था कि फोन के साथ वो भी खामोश हो जाएगी।
पिता को शव घर ले जाने में लगेंगे 36 घंटे
- मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) अस्पताल में तैनात एंबुलेंस ड्राइवर दुष्यंत त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ितों के शवों को उनके घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने ANI को बताया कि अनामिका का पार्थिव शरीर सड़क के रास्ते पश्चिम बंगाल में उनके पैतृक घर ले जाया जाएगा।
- ड्राइवर ने बताया, "हम शाम 6 बजे बाराबंकी से यहां आए। हमें CMO ऑफिस से भेजा गया है, मुझे अनामिका का शव ले जाने का निर्देश मिला है। हम उनके परिवार के लगातार संपर्क में हैं... उनके पिता एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। उन्हें लाने के लिए एक सरकारी गाड़ी भेजी गई है... पश्चिम बंगाल तक के सफर में कम से कम 36 घंटे लगेंगे... कुल 15 मौतें हुई हैं... एक और पीड़ित बंगाल से और एक मध्य प्रदेश से है."
आग की लपटों में खत्म 15 जिंदगियां
लखनऊ के अलीगंज की जिस तीन मंजिला इमारत में आग लगी थी, उसमें एक गेमिंग और एनिमेशन स्टूडियो चलता था। आग में जान गंवाने वाले 15 लोगों में से ज्यादातर स्टूडियो के छात्र, ट्रेनी और कर्मचारी थे।
लखनऊ अग्निकांड पर योगी सरकार के एक्शन
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस मामले में चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। अलीगंज पुलिस स्टेशन में छह आरोपियों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश फायर सर्विस एक्ट की धारा 6 और 10 के तहत FIR दर्ज की गई है।
- इस मामले में तीन आरोपी रामकृष्ण उपाध्याय, वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला और तुषक कृष्ण जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


