Bengaluru Couple Viral Video: क्या ₹60,000 महीने का किराया वाकई पैसा वसूल है? बेंगलुरु के एक कपल को इतनी रकम में कौन-कौन सी सुविधाएं मिल रही हैं? क्या डॉग पार्क, क्लिनिक और ग्रॉसरी स्टोर जैसी सुविधाएं इस खर्च को जायज बनाती हैं?
Bengaluru Viral Video: आज के समय में बड़े शहरों में घर का किराया लगातार बढ़ रहा है। खासकर बेंगलुरु जैसे आईटी हब में अच्छी लोकेशन और सुविधाओं वाले घरों के लिए लोगों को मोटी रकम खर्च करनी पड़ती है। इसी बीच एक सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल कपल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने दिखाया कि 60,000 रुपए महीने का किराया देने पर उन्हें कैसी लाइफस्टाइल और सुविधाएं मिलती हैं।

2BHK से आलीशान टाउनशिप तक का सफर
बेंगलुरु में रहने वाले राधिका और एकांश ने इंस्टाग्राम पर अपने हाउसिंग सोसाइटी का वीडियो शेयर किया। दोनों सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल हैं और उन्होंने बताया कि पहले वे एक साधारण 2BHK फ्लैट में रहते थे। हालांकि बाद में उन्होंने ज्यादा किराया देकर ऐसी टाउनशिप में रहने का फैसला किया, जहां रोजमर्रा की कई सुविधाएं एक ही कैंपस में उपलब्ध हैं।
सोसाइटी में क्या-क्या सुविधाएं हैं?
कपल के मुताबिक, उनकी हाउसिंग सोसाइटी में हरे-भरे लॉन, पेड़-पौधे, साइकिलिंग ट्रैक और बच्चों के खेलने के लिए बड़े खुले मैदान हैं। इसके अलावा यहां डॉग पार्क, क्लिनिक, सैलून, ग्रॉसरी स्टोर और अन्य जरूरी सुविधाएं भी मौजूद हैं। उनका कहना है कि इन सुविधाओं की वजह से बाहर जाने की जरूरत काफी कम हो जाती है और जीवन अधिक आरामदायक बन जाता है।
जेब पर भारी, लेकिन सुकून की कीमत नहीं
राधिका और एकांश ने पोस्ट में लिखा कि शुरुआत में इतना किराया देना उनके लिए आर्थिक रूप से बड़ा फैसला था। लेकिन कुछ साल यहां रहने के बाद उन्हें लगता है कि बेहतर लाइफस्टाइल और मानसिक शांति के लिए यह खर्च पूरी तरह जायज है। उन्होंने बताया कि इस सोसाइटी में रहने का एक्स्ट्रा खर्च सालाना करीब 2.5 लाख रुपये पड़ता है, लेकिन उनके अनुसार इससे मिलने वाली सुविधा और सुकून इसकी भरपाई कर देते हैं। नीचे देखें वायरल वीडियो-
सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने कहा कि इतनी सुविधाओं के हिसाब से 60,000 रुपए किराया सही है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यह रकम अब भी काफी ज्यादा है।
एक यूजर ने लिखा, “यह कोई सोसाइटी नहीं, बल्कि एक छोटा शहर लगता है।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “अगर सारी सुविधाएं यहीं मिल रही हैं तो ईंधन और समय दोनों की बचत होती है, ऐसे में किराया वाजिब लगता है।”
यह वायरल वीडियो सिर्फ एक महंगी सोसाइटी की झलक नहीं दिखाता, बल्कि यह भी बताता है कि आज के शहरी युवा बेहतर क्वालिटी ऑफ लाइफ के लिए एक्स्ट्रा खर्च करने को तैयार हैं। उनके लिए घर अब सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि आराम, सुविधा और मानसिक शांति का माध्यम भी बनता जा रहा है।


