Who is Latif Bhat: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। ₹15 लाख का इनामी आतंकी मस्जिद में छिपा था और सरेंडर से इनकार किया।

Latif Bhat Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर और मोस्ट वांटेड आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया। रिपोर्ट के मुताबिक, मुठभेड़ शुरू होने के कुछ घंटों बाद सुरक्षाबलों को यह कामयाबी मिली। लतीफ भट घेराबंदी वाले इलाके में एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार कहा, लेकिन उसने हर अपील ठुकरा दी। इसके बजाय उसने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

यह मुठभेड़ बुधवार तड़के उस समय शुरू हुई, जब घाटी की मस्जिदों में सुबह की नमाज के लिए लाउडस्पीकर से ऐलान किया जा रहा था। मुठभेड़ से पहले सुरक्षाबलों ने लतीफ भट से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया था और उसे सरेंडर करने के लिए समझाने की कोशिश की थी।

वीडियो कॉल पर सुरक्षाबलों ने की सरेंडर की अपील, आतंकी ने दिया ये जवाब

  • मुठभेड़ से पहले पुलिस अधिकारियों ने लतीफ भट को वीडियो कॉल किया। इस दौरान उसे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया।
  • पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, 'हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।' इस पर लतीफ ने जवाब दिया, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। सरेंडर नहीं करूंगा।’
  • लतीफ ने सुरक्षाबलों की बार-बार की गई अपील को नजरअंदाज किया और आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया।

CRPF पोस्ट पर फायरिंग के बाद से फरार था लतीफ भट

  • सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ भट ने उमर निसार डार के साथ मिलकर 11 नवंबर को नौपोरा अखरान इलाके में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी। इस घटना के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार हो गए थे।
  • 16 नवंबर को पुलिस ने अखरान के लारू इलाके में दोनों आतंकियों को घेर लिया था। इस दौरान सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी हुई। मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट भागने में कामयाब रहा। हालांकि, इस दौरान उसके पैर में गोली लगी थी।
  • इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया था। जवान लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। करीब दो दिन तक पीछा करने के बाद आखिरकार बुधवार को उसे घेर लिया गया। वह एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ मिला, जहां से उसने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की।

₹15 लाख का इनामी था लश्कर कमांडर लतीफ भट

  • लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट पर पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह साल 2025 की शुरुआत में अपने घर से लापता हो गया था। इसके बाद उसके परिवार ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
  • बाद में पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) में भर्ती किया था। इसके बाद वह आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गया।
  • लतीफ भट ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय तक कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में भी पढ़ाई की। हालांकि, बाद में उसने पढ़ाई छोड़ दी और बढ़ई का काम करने लगा।
  • बताया जाता है कि उमर निसार डार ने लतीफ को करीब छह महीने तक अपने यहां पनाह दी थी। दोनों ने CRPF पोस्ट पर हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी।

CRPF पोस्ट की रेकी करते CCTV में दिखे थे दोनों आतंकी

  • जम्मू-कश्मीर में CRPF पोस्ट पर फायरिंग करने वाले आतंकियों का CCTV फुटेज मंगलवार को सामने आया था। इस वीडियो में लतीफ भट और उमर निसार डार CRPF पोस्ट की रेकी करते हुए दिखाई दे रहे थे।
  • करीब 56 सेकेंड के इस CCTV फुटेज में दोनों आतंकी एक टैक्सी से उतरते नजर आए। सबसे पहले लतीफ भट टैक्सी से बाहर निकला और उसके बाद उमर निसार डार उतरा। इसके बाद दोनों CRPF कैंप की तरफ बढ़ते दिखाई दिए।
  • इस घटना से जुड़ी दोनों आतंकियों की एक तस्वीर भी सामने आई थी, जिसमें वे कैंप की ओर जाते नजर आ रहे थे। CCTV फुटेज सामने आने के बाद सुरक्षाबलों को उनकी गतिविधियों और हमले से पहले की रेकी से जुड़ी अहम जानकारी मिली थी।