Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस ऑपरेशन में लश्कर कमांडर और कुलगाम हमले का कथित मास्टरमाइंड लतीफ भट एक मस्जिद में छिपा हुआ है।
Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट सुरक्षाबलों के घेरे में है। जानकारी के मुताबिक, लतीफ भट जंगलपोरा इलाके की एक तीन मंजिला मस्जिद में छिपा हुआ है। सुरक्षाबलों की ओर से उसे लगातार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन वह हथियार डालने को तैयार नहीं है।
वीडियो कॉल के जरिए भी सरेंडर की अपील
लतीफ भट को आत्मसमर्पण का मौका देने के लिए सुरक्षाबलों ने उससे वीडियो कॉल के जरिए भी संपर्क किया। उसे समझाया गया कि वह हथियार डाल दे और अपनी जान बचा ले। 9 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर ने भी उसे आखिरी मौका देते हुए कहा कि अगर वह सरेंडर करता है तो उसकी जान बख्श दी जाएगी। हालांकि, लतीफ ने इस अपील को ठुकरा दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, आत्मसमर्पण से इनकार करते हुए उसने कहा, 'अल्लाह के सिवा मेरे साथ कोई नहीं है।' इसके बाद भी सुरक्षाबल उसे सरेंडर करने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं।
मस्जिद को नुकसान न पहुंचे, इसलिए बरती जा रही सावधानी
कुलगाम के SSP अनायत अली चौधरी के मुताबिक, लतीफ भट अंधेरे का फायदा उठाकर मस्जिद में छिप गया था। जिस जगह वह मौजूद है, वह काफी संवेदनशील है। ऐसे में सुरक्षाबल बेहद संयम के साथ ऑपरेशन चला रहे हैं, ताकि मस्जिद को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे। यही वजह है कि ऑपरेशन में समय लग रहा है।
CCTV से सामने आई हमले की रेकी
जांच के दौरान कुलगाम हमले को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 को लतीफ भट और आतंकी उमर निसार डार ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम समेत कई इलाकों का दौरा किया था। दोनों ने कथित तौर पर सुरक्षा बलों पर हमले के लिए ठिकानों की रेकी की थी। उनकी गतिविधियां इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई थीं। आरोप है कि इसके अगले दिन, 11 नवंबर को दोनों ने अखरान में CRPF के एक नाके पर हमला किया और फिर मौके से फरार हो गए। फिलहाल सुरक्षाबलों की प्राथमिकता लतीफ भट को आत्मसमर्पण के लिए तैयार करना है। अब देखना होगा कि वह आखिरी मौका स्वीकार करता है या ऑपरेशन आगे बढ़ता है।










