Fraudster With 25 Marriages : उत्तर प्रदेश के सीतापुर से बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी ने एक बड़ा खुलासा करते हुए एक ऐसे शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिससे उन्होंने अपनी बेटी की शादी कराई थी। इस युवक पर आरोप है कि वह 25 शादियां कर चुका है।

सीतापुर (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश से बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को धोखे से एक ऐसे शख्स से ब्याह दिया गया, जो कथित तौर पर कई महिलाओं से फर्जी पहचान बताकर शादी कर चुका है और उनसे करोड़ों रुपये ठग चुका है। इस मामले में दर्ज FIR के मुताबिक, विधायक तिवारी ने अनुज त्रिवेदी और उसके बेटे प्रखर त्रिवेदी को आरोपी बनाया है।

तिवारी ने 6 अगस्त को सोशल मीडिया पर अपनी बेटी के साथ एक वीडियो पोस्ट कर ये आरोप लगाए थे। रेउसा पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी प्रज्ञा की शादी 2024 में प्रखर त्रिवेदी से हुई थी।

कौन है 25 लड़कियों को दुल्हन बनाने वाला प्रखर त्रिवेदी

  • बता दें कि आरोपी प्रखर त्रिवेदी, मिश्रिख के चंद्रावल के रहने वाले अनुज त्रिवेदी का बेटा है।
  • ज्ञान तिवारी ने आरोप लगाया कि आरोपी अनुज त्रिवेदी ने फरवरी 2024 में अपने बेटे प्रखर के रिश्ते के लिए खुद को मुंबई का एक बड़ा रियल एस्टेट कारोबारी बताया था।
  • तिवारी ने दावा किया कि उन्हें पता चला कि आरोपी महाराष्ट्र और दूसरे राज्यों में धोखाधड़ी और जालसाजी के कई मामलों में शामिल है। शिकायत में उन्होंने बताया कि शादी से पहले उन्होंने स्थानीय नेताओं और जानकारों से पूछताछ की थी, जिन्होंने उस वक्त आरोपी को एक इज्जतदार कारोबारी ही समझा था।
  • तिवारी ने आरोप लगाया कि प्रखर ने महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में फर्जी पहचान बताकर कई महिलाओं से रिश्ते बनाए और उन्हें धोखा दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रखर करीब 25 शादियों में शामिल रहा है।

विधायक का परिवार गहरे सदमे में…

शिकायत मिलने के बाद, रेउसा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अपने बयान में तिवारी ने कहा कि वह और उनका पूरा परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने बताया कि ससुर के कथित आपराधिक बैकग्राउंड का पता चलने के बाद उनकी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी और पूरा परिवार बहुत तनाव में है।