Yash Dabas ABVP: यश डबास कौन हैं? जानिए ABVP के DUSU अध्यक्ष पद के उम्मीदवार की पढ़ाई, टेनिस करियर, बैकग्राउंड और छात्र राजनीति के सफर से जुड़ी पूरी कहानी।
Yash Dabas Biography: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ यानी DUSU चुनाव में इस बार अध्यक्ष पद के लिए जिस नाम पर सबसे ज्यादा नजर रही, उनमें यश डबास भी शामिल हैं। ABVP ने उन्हें अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है। 18 सितंबर को वोटिंग के बाद 19 सितंबर को मतगणना जारी है और अध्यक्ष पद पर मुकाबला कड़ा बना हुआ है। इस बीच जानिए यश डबास कौन हैं?
कौन हैं यश डबास?
यश डबास दिल्ली के कंझावला इलाके से आते हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी से उनका पुराना नाता रहा है। उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने DU के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई की। फिलहाल वह दिल्ली यूनिवर्सिटी में बुद्धिस्ट स्टडीज में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहे हैं। यानी पढ़ाई के साथ-साथ उनका कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस से जुड़ाव लगातार बना रहा है।
ये भी पढ़ें- Who is Vijay Shankar Meena: विजय शंकर मीणा कौन हैं? जानें NSUI के DUSU अध्यक्ष उम्मीदवार का एजुकेशन और बैकग्राउंड
यश डबास का शानदार स्पोर्ट्स बैकग्राउंड
यश डबास की प्रोफाइल का सबसे दिलचस्प हिस्सा उनका स्पोर्ट्स बैकग्राउंड है। छात्र राजनीति में पहचान बनाने से पहले वह टेनिस खेल चुके हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक उन्होंने International Tennis Federation यानी ITF के जूनियर सर्किट में भी हिस्सा लिया है। उनका खेल से जुड़ाव सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। वह स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में भी टेनिस प्रतियोगिताओं में खेल चुके हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और यूनिवर्सिटी गेम्स में भी उनकी भागीदारी रही है।
DUSU चुनाव में यश डबास के बड़े मुद्दे क्या हैं?
चुनावी मैदान में उतरने के बाद डबास ने खास तौर पर छात्र सुरक्षा, हॉस्टल और कैंपस सुविधाओं को मुद्दा बनाया। उनके अभियान में यूनिवर्सिटी से जुड़े PG और हॉस्टल की सुरक्षा जांच कराने की बात प्रमुख रही। इसके अलावा छात्राओं के लिए नए हॉस्टल, स्टूडेंट हेल्पलाइन, CCTV और पिंक बूथ जैसी सुविधाएं बढ़ाने का वादा भी उनके एजेंडे में रहा।
क्या यश डबास किसी विवाद में भी रहे?
चुनाव से ठीक पहले सोशल मीडिया पर एक कथित मार्कशीट सामने आने के बाद डबास के अकादमिक रिकॉर्ड को लेकर सवाल उठे। हालांकि, उस डॉक्यूमेंट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई। ABVP ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे उनके खिलाफ चलाया गया अभियान बताया।
ये भी पढ़ें- DU College Election Results 2026: ABVP का बजा डंका, कई कॉलेजों में क्लीन स्वीप! SFI ने भी खोला खाता
DUSU चुनाव में किससे है सीधा मुकाबला?
अध्यक्ष पद पर यश डबास का मुकाबला मुख्य रूप से NSUI के विजय शंकर मीणा से है। 18 सितंबर को मतदान के बाद 19 सितंबर को वोटों की गिनती शुरू हुई। इस चुनाव में कुल 40.46 प्रतिशत मतदान हुआ। काउंटिंग के दौरान दोनों उम्मीदवारों के बीच बढ़त बदलती रही। ऐसे में अंतिम नतीजे का इंतजार करना जरूरी है। आधिकारिक परिणाम आने के बाद ही तय होगा कि DUSU के अगले अध्यक्ष के तौर पर किसके नाम पर मुहर लगती है।
DUSU चुनाव 2025 में कौन जीता था?
पिछले DUSU चुनाव 2025 में ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव, तीनों पदों पर जीत दर्ज की थी, जबकि उपाध्यक्ष पद NSUI के खाते में गया था।
