नौकरी के आवेदन में हिमांशी ने गलती से रिज्यूमे की जगह ब्लिंकिट का ग्रॉसरी बिल भेज दिया। रिक्रूटर के बताने पर उसने यह घटना X पर शेयर की, जो वायरल हो गई।
नौकरी ढूंढते वक्त हम सब बहुत सावधान रहते हैं, लेकिन कभी-कभी ऐसी गलतियां हो जाती हैं जिन पर यकीन करना मुश्किल होता है। ऐसा ही कुछ हुआ हिमांशी नाम की एक लड़की के साथ। उसने एक जॉब के लिए अप्लाई किया, लेकिन ईमेल में रिज्यूमे की जगह गलती से ब्लिंकिट का ग्रॉसरी बिल अटैच कर दिया।
हिमांंशी को अपनी इस बड़ी गलती का पता तब चला, जब रिक्रूटर का जवाब आया। रिक्रूटर ने लिखा, 'हाय हिमांशी, एप्लिकेशन के लिए शुक्रिया। लेकिन आपने अपना ब्लिंकिट का बिल भेजा है।'
इसके बाद हिमांशी ने खुद ही इस मजेदार घटना का स्क्रीनशॉट X (पहले ट्विटर) पर शेयर कर दिया। उसने कैप्शन में लिखा, 'मैं ही अपनी सबसे बड़ी दुश्मन हूं'। उसने मजाकिया अंदाज में ब्लिंकिट को टैग करते हुए यह भी पूछा कि 'अब जब नौकरी तो मिलने से रही, तो क्या मुझे दुख भुलाने के लिए फ्री में आइसक्रीम मिल सकती है?'
उसका ये पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया और लोग मजेदार कमेंट्स करने लगे। एक यूजर ने लिखा, 'रिक्रूटर कन्फ्यूज हो गया होगा कि आपकी स्किल्स देखे या आपके पसंदीदा स्नैक्स।' वहीं दूसरे ने लिखा, 'ये अब तक का सबसे असली रिज्यूमे है'।
हालांकि, कई लोगों ने हिमांशी को हिम्मत भी दी और कहा कि ऐसी गलतियां किसी से भी हो सकती हैं। अब उसे यह नौकरी मिली या नहीं, यह तो साफ नहीं है, लेकिन उसकी कहानी इंटरनेट पर छाई हुई है।


