मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत यूपी में अगले पांच वर्षों में 15 लाख नए उद्यम स्थापित किए जाएंगे। NRLM के जरिए स्वयं सहायता समूहों को उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। गांवों में रोजगार बढ़ेगा और महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी विजन के तहत उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर और उद्यमशील राज्य बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सरकार ने आगामी पांच वर्षों में 15 लाख नए उद्यम स्थापित करने की ठोस योजना तैयार की है। इसके साथ ही आने वाले वर्षों में गांवों से एक करोड़ उद्यमी तैयार करने का लक्ष्य भी रखा गया है।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बनेगा अभियान का आधार

इस महाअभियान का मुख्य आधार राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) होगा। इसके माध्यम से प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों (SHG) को सीधे उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन से आत्मनिर्भर गांव, सशक्त उद्यमी और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना साकार होता नजर आ रहा है।

महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रहीं सफल उद्यमी

सीमित संसाधनों के बावजूद सफल हो रहीं महिला उद्यमियों की कहानियां प्रदेश की अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इन महिलाओं ने यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से आत्मनिर्भरता हासिल की जा सकती है।

गांव-गांव सृजित होंगे रोजगार और आय के नए अवसर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की योजना बनाई गई है। इसके तहत प्रत्येक स्वयं सहायता समूह से कम से कम एक सदस्य या पूरे समूह को उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा। कृषि आजीविका के साथ-साथ गैर-कृषि आजीविका से जुड़ी गतिविधियों का विस्तार हर SHG स्तर तक किया जाएगा, जिससे गांव-गांव रोजगार और आय के नए अवसर विकसित होंगे।

आत्मनिर्भर बनने का संकल्प ले रहीं प्रदेश की महिलाएं

प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसी महिलाएं हैं जो सीमित आय और बढ़ती पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही हैं और सफलता भी हासिल कर रही हैं। इन प्रयासों के तहत प्रदेश की 14 लखपति दीदियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने का अवसर मिलने जा रहा है।