कपूरथला में एक सनकी पड़ोसिन ने मामा के घर आए बच्चे की जान ले ली। मासूम के मर्डर के बाद भी आरोपी महिला के चेहरे पर कोई सिकन नहीं देखी गई। उसने ऐसा क्यों किया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।

कपूरथला, पंजाब. यहां के खुखरैन गांव में ढाई साल के एक मासूम की वॉशिंग मशीन में डालकर हत्या करने का दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। घटना मंगलवार की है। आरोपी महिला ने ऐसा क्यों किया, अभी इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred


मामा की शादी में आया था मासूम...
पुलिस के मुताबिक, सुनीता रानी के भाई गगनदीप की 21 दिसंबर को शादी है। वो इसी सिलसिले में हफ्तेभर पहले अपने दो बच्चों के साथ गांव फरीद सराय से कपूरथला आई थी। मंगलवार को मृतक अदीराम अपने बड़े भाई और पड़ोस में रहने वाली 7 साल की बच्ची के साथ खेल रहा था। अचानक दोपहर वो गायब हो गया। कुछ देर बाद उसका बड़ा भाई और बच्ची वापस आ गए, लेकिन अदीराम का पता नहीं चला। करीब 3 बजे बच्चे की मां ने उसे ढूंढना शुरू किया। जब CCTV फुटेज देखे गए, तो तीनों बच्चे 12.47 बजे सामने रहने वाली आरोपी महिला के घर में जाते देखे गए। लोगों ने जब उससे पूछा, तो उसने टालमटोल कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

वॉशिंग मशीन पर कोहनी रखकर खड़ी हो जाती थी महिला
CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो बार आरोपी महिला के घर की तलाश ली। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस दौरान पुलिस ने देखा कि जब भी तलाशी ली जाती, महिला वॉशिंग मशीन पर कोहनी टिकाकर खड़ी हो जाती। इस पर पुलिस को शक हुआ। जब महिला को हटाकर वॉशिंग मशीन खोली गई, तो सबके होश उड़ गए। बच्चे की लाश उसमें पड़ी थी। आरोपी ने बाद में स्वीकार किया कि उसने बच्चे को वॉशिंग मशीन में डालकर ढक्कन लगा दिया था। 

कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं, फिर भी हत्या..
मृतक के नाना रामनाथ ने बताया कि आरोपी महिला राज कौर का उनके घर पर आना-जाना था। वह शादी के कार्यक्रम में भी शामिल हो रही थी। आरोपी से कभी कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ। न कोई जमीन-जायदाद संबंधी विवाद। उसने ऐसा क्यों किया, किसी के समझ में नहीं आ रहा है। आरोपी महिला का पति दिहाड़ी मजदूर है। डीएसपी हरिंदर सिंह गिल ने कहा कि इस मामले में कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।