Congress vs AAP: पंजाब के सीएम भगवंत मान को शराबी कहने पर आम आदमी पार्टी ने राहुल गांधी के खिलाफ 'पप्पू' पोस्टर जारी कर दिया है। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन की इन दोनों पार्टियों के बीच जुबानी जंग अब निजी हमलों में बदल गई है।

Bhagwant Mann Controversy: आम आदमी पार्टी (AAP) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए एक 'पप्पू' पोस्टर जारी किया है। आम आदमी पार्टी ने इस पोस्टर के जरिए पूछा है कि राहुल गांधी बार-बार थाईलैंड क्यों जाते हैं। दरअसल, राहुल गांधी ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को शराबी कहा था, जिसके जवाब में यह 'पप्पू' पोस्टर सामने आया है। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच की लड़ाई अब निजी हमलों तक पहुंच गई है। इंडिया गठबंधन में शामिल इन दोनों पार्टियों के बीच चल रही इस बयानबाजी से उनके रिश्तों में भी खटास आ रही है।

भगवंत मान पर राहुल का हमला और AAP का पलटवार

राहुल गांधी ने 4 नवंबर को संगरूर में कांग्रेस की 'इंसाफ रैली' के दौरान आम आदमी पार्टी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर जमकर हमला बोला था। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जब भगवंत मान संसद में बैठते थे, तो सुबह 11 बजे ही उनसे शराब की बदबू आती थी। राहुल ने कहा- "संसद में वह हमारे साथ बैठकर मजाक करते थे। सुबह 11 बजे ही उनसे शराब की बदबू आती थी। मुझे उनके शराब पीने से कोई दिक्कत नहीं है, यह उनका निजी मामला है। लेकिन जिस मुख्यमंत्री को राज्य से नशे की समस्या खत्म करनी चाहिए, उसे हर दिन नशे में नहीं रहना चाहिए।" राहुल के इसी बयान के जवाब में AAP ने उन्हें 'पप्पू' कहकर चिढ़ाया है और लोगों से मजेदार 'पप्पू कोट्स' शेयर करने को कहा है।

राहुल के बयान को AAP ने बताया निजी हमला

पंजाब चुनाव में अब कुछ ही महीने बचे हैं और ऐसे में शराब और ड्रग माफिया सबसे बड़ा मुद्दा बन गए हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ड्रग माफिया को खत्म करने का अपना वादा पूरा नहीं कर पाई है। राहुल ने यह भी कहा कि भगवंत मान सिर्फ एक दर्शक हैं और पंजाब की सरकार असल में दिल्ली से चलाई जा रही है।

वहीं, आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने राहुल गांधी के इस बयान को बेहद निचले स्तर का और निजी हमला बताया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ भी ऐसे कई आरोप लगते रहे हैं, लेकिन बिना सबूत के ऐसी हल्की बातें नहीं करनी चाहिए। सौरभ भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी शासित राज्यों की आलोचना करने के बजाय, विपक्षी पार्टियों के मुख्यमंत्रियों पर निजी हमले करना कांग्रेस के राजनीतिक इरादों पर सवाल खड़े करता है।