लड़कियों के लिए गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के साथ-साथ पोषण भी उतना ही जरूरी है। राज्य सरकार लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा दे रही है और उनके समग्र विकास के लिए काम कर रही है।

जयपुर. राजस्थान सरकार 9वीं से 12 वीं तक की छात्राओं को भी मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) योजना के दायरे में लाना चाहती है और उसने इसमें केंद्र से सहयोग मांगा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राज्य शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी 
राज्य के शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने एक कार्यक्रम में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार कक्षा नौ से 12 तक की छात्राओं को भी मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने की इच्छुक है। हम बहुत जल्द कार्रवाई करना चाहते हैं और इस बारे में केंद्र से सहायता का अनुरोध किया है।’’

राज्य करेगा बजट का प्रावधान
उन्होंने कहा कि राज्य भी इसके लिए बजट का प्रावधान करेगा। यहां शिक्षा संकुल में मंत्री ने कहा कि लड़कियों के लिए गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के साथ-साथ पोषण भी उतना ही जरूरी है। राज्य सरकार लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा दे रही है और उनके समग्र विकास के लिए काम कर रही है।’’ और पहली से आठवीं कक्षा के लिए मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि निगरानी सभी स्तरों पर की जा रही है। रसोइयों और सहायकों के प्रशिक्षण की एक अलग व्यवस्था की गई है।

(यह खबर न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा की है। एसियानेट हिंदी की टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)