मोबाइल फोन की वजह से राह चलते होने वाले हादसों के बारे में अक्सर कोई न कोई खबर आती रहती है। पर बरेली में एक मोबाइल कैसे बन गया मासूम का हत्यारा, यह जानकर आपके रूह कांप उठेगी।

रिलेशनशिप डेस्क.रात में सोते वक्त मोबाइल को चार्जिंग पर लगाकर भूल जाना या सो जाना आम बात है। रोजमर्रा की जिंदगी में दिनभर फोन पर बात करने के बाद हम रात में फोन को चार्ज में इसलिए लगा देते हैं ताकि सुबह मोबाइल की बैट्री फुल मिले। पर आपकी जरा सी लापरवाही आपके अपनों की मौत की वजह बन सकती है। उत्तर प्रदेश के बरेली में जो हादसा हुआ वह इसकी ताजा मिसाल है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आधी रात में मोबाइल ब्लास्ट ने दहलाया

घटना बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र की है जहां पचौमी गांव में एक मोबाइल ने मासूम बच्ची की जान ले ली। हुआ यूं कि खेत में काम करने के बाद सुनील नाम का शख्स शाम को जब घर लौटा तो खाना खाने के बाद अपने मोबाइल फोन को चार्जिंग पर लगाकर सो गया। उसने फोन को घर की छप्पर से लटका दिया था जिसके ठीक नीचे चारपाई पर उसकी 8 महीने की बच्ची नेहा सोई हुई थी। आधी रात को अचानक मोबाइल फोन में एक धमाका हुआ और वह नीचे बिस्तर पर गिर पड़ा। देखते ही देखते बिस्तर में आग लग गई और मासूम नेहा बुरी तरह झुलस गई।

हादसे के बाद मचा हाहाकार

धमाके की आवाज सुनकर घर के लोग दौड़े। बिस्तर पर आग लग चुकी थी और बच्ची बुरी तरह चीख रही थी। किसी तरह आग को बुझाया गया और परिजन बच्ची को लेकर जिला अस्पताल भागे। इस हादसे में नेहा की पूरी पीठ और दोनों हाथ झुलस चुके थे। डॉक्टरों ने उसे बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन मासूम ने दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद परिवार में मातम

8 महीने की नेहा की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। पिता सुनील उस पल को कोस रहे हैं जब मोबाइल को चार्जिंग पर लगाया था। मां कुसुम भी हादसे के वक्त कमरे में नहीं थी। कुसुम का कहना है कि अगर उसे जरा भी अंदेशा होता कि ऐसी कोई घटना हो सकती है तो वह अपनी बेटी को वहां कभी नहीं सुलाती। 

बच्चों को लेकर रहिए सावधान

अनहोनी तो हो चुकी लेकिन यह घटना सबक है उन सभी मोबाइल यूजर्स के लिए जो चार्जिंग को लेकर लापरवाही बरतते हैं। जरूरत है इससे सबक सीखने की ताकि हमें ऐसी किसी अनहोनी का सामना न करना पड़े। इतना ही नहीं घर में जब बच्चे हो तो इसे लेकर और भी ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत होती है। माता-पिता को अपने बच्चों की देखभाल के लिए ज्यादा सावधान रहने की जरूरत हैं। 

और पढ़ें:

प्रेंग्नेट महिला से इश्क कर बैठा शख्स, इसके बाद की कहानी बेहद ही दिलचस्प है

मिल जाएगा सपनों का राजकुमार, नवरात्रि में वृंदावन के इस मंदिर में जाकर करें पूजा