थाईलैंड की एक 37 साल की महिला ने अपने दो ऑस्ट्रियन बॉयफ्रेंड से एक ही मंडप में शादी कर ली. सालों से वो इन दोनों के साथ रिलेशनशिप में थीं. इस अनोखी शादी के लिए महिला के परिवार और बच्चे भी खुशी-खुशी राजी थे.

एक ही वक्त में दो लोगों से शादी करना हमारे देश में तो मुमकिन नहीं है. लेकिन थाईलैंड से एक ऐसी ही अनोखी शादी की खबर सामने आई है. यहां 37 साल की दुवांगदुआन केतसारो नाम की महिला ने एक ही समय में दो ऑस्ट्रियन पुरुषों से शादी की है. बताया जा रहा है कि महिला सालों से इन दोनों के साथ रिलेशनशिप में थी. तीनों ने आपसी सहमति से इस अनोखे रिश्ते की शुरुआत की है.

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दुवांगदुआन पहले एक इंडिपेंडेंट म्यूजिशियन थीं. जब वो पटाया में काम कर रही थीं, तब उनकी मुलाकात ऑस्ट्रिया के पूर्व पुलिस अधिकारी रोमान से हुई. दोनों करीब पांच साल तक साथ रहे. बाद में, उनकी मुलाकात रोमान के दोस्त मैक से हुई, जो खुद भी ऑस्ट्रिया में पुलिस अधिकारी थे. जल्द ही मैक को भी दुवांगदुआन से प्यार हो गया. इसके बाद तीनों ने अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात की और एक साथ रहने का फैसला किया. 28 फरवरी को थाईलैंड के प्राखोन चाई जिले में करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों की मौजूदगी में एक सादे समारोह में उनकी शादी हुई.

दुवांगदुआन की पहली शादी टूट चुकी थी. उस शादी से उनके तीन बच्चे और दो पोते-पोतियां हैं. वो अपने माता-पिता और बच्चों की देखभाल के लिए काफी मेहनत कर रही थीं, तभी रोमान और मैक उनकी जिंदगी में आए. जब उन्होंने इस खास रिश्ते के बारे में अपने बच्चों और माता-पिता से बात की, तो सबने पूरा सपोर्ट किया. दुवांगदुआन कहती हैं कि रोमान और मैक उनके परिवार का बहुत प्यार से ख्याल रखते हैं. शादी के तोहफे के तौर पर दोनों दूल्हों ने मिलकर उन्हें करीब 20 लाख थाई बात (लगभग 50 लाख रुपये) दिए.

महिला की 61 वर्षीय मां ने कहा, 'मैंने अपनी बेटी को सालों तक संघर्ष करते देखा है. मेरे लिए उसकी खुशी सबसे ज्यादा मायने रखती है.' उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें यकीन है कि दोनों लोग उनकी बेटी और परिवार का अच्छे से ख्याल रखेंगे. यह अनोखी शादी की खबर थाईलैंड के लोकल मीडिया में आने के बाद वायरल हो गई.