Bhai Dooj 2026: दिवाली उत्सव 5 दिनों तक मनाया जाता है। इसके अंतिम दिन भाई दूज का पर्व आता है। ये भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।

Bhai Dooj 2026 Muhurat: भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्यार और विश्वास का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छी सेहत और सुखी जीवन की कामना करती हैं। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देकर हमेशा उनकी रक्षा करने का वचन देते हैं। इस बार भाई दूज का पर्व 11 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जा रहा है। खास बात यह है कि भाई को तिलक लगाने के लिए दिन में केवल 2 घंटे 10 मिनट का मुख्य शुभ मुहूर्त रहेगा। ऐसे में बहनों को तिलक लगाने का समय पहले से नोट कर लेना चाहिए।

ये भी पढ़ें-
Bhai Dooj 2026: कैसे लगाएं भाई को तिलक? यहां जानें पूरी विधि

भाई दूज 2026 तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू हुई थी, जो 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार भाई दूज का पर्व 11 नवंबर को मनाया जा रहा है। इस दिन भाई को तिलक लगाने का मुख्य शुभ मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। यानी बहनों को भाई का तिलक करने के लिए कुल 2 घंटे 10 मिनट का समय मिलेगा। इस दौरान बहनें भाई को तिलक लगाकर आरती उतार सकती हैं और उनकी लंबी उम्र की कामना कर सकती हैं।

ये भी पढ़ें-
Mangal Gochar 2026: 4 राशियों पर भारी आने वाले 45 दिन, नौकरी-बिजनेस, प्रॉपर्टी और सेहत सबके लिए खतरा

भाई दूज पर तिलक लगाने के चौघड़िया मुहूर्त

मुख्य शुभ मुहूर्त के अलावा भाई दूज पर चौघड़िया के कुछ शुभ समय भी रहेंगे। ये इस प्रकार हैं-
सुबह 10:48 से दोपहर 12:10 बजे तक
दोपहर 2:55 से शाम 4:17 बजे तक
शाम 4:17 से 5:39 बजे तक

भाई दूज पर भाई को तिलक क्यों लगाते हैं?

भाई दूज पर बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र, अच्छी सेहत और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। मान्यता के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर भोजन करने पहुंचे थे। यमुना ने उनका स्वागत किया और माथे पर तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी। बहन के इस प्रेम से खुश होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर तिलक करवाएगा और भोजन करेगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। तभी से भाई दूज पर बहनें भाई को तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।


Disclaimer
इस आर्टिकल में जो जानकारी है, वो धर्म ग्रंथों, विद्वानों और ज्योतिषियों से ली गईं हैं। हम सिर्फ इस जानकारी को आप तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं। यूजर्स इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।