Devuthani Ekadashi 2026: देवउठनी एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित प्रमुख व्रतों में से एक है। साल 2026 में यह पर्व 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाया जाएगा। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं।

Devuthani Ekadashi Vrat Katha In Hindi: कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी कहते हैं। इस दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और चातुर्मास भी समाप्त हो जाता है। इसी के साथ विवाह, गृह प्रवेश जैसे मांगलिक काम शुरू हो जाते हैं। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा के साथ व्रत कथा पढ़ने और सुनने का भी विशेष महत्व है। इस कथा में बताया गया है कि कैसे एक भक्त की पुकार सुनकर भगवान विष्णु खुद उसके साथ भोजन करने पहुंचे थे। आगे पढ़ें देवउठनी एकादशी व्रत की कथा...

ये भी पढ़ें-
देवउठनी एकादशी 2026 कब है, कौन-से मंत्र बोलकर जगाएं भगवान विष्णु को? जानें विधि, मुहूर्त और आरती

देवउठनी एकादशी व्रत कथा

प्रचलित कथा के अनुसार, पुराने समय में एक राजा के राज्य में एकादशी के दिन अनाज खाने की मनाही थी। राजा से लेकर आम जनता तक सभी लोग इस नियम का पालन करते थे। इस दिन हर कोई फल और दूध का सेवन करता था। एक बार दूसरे राज्य का एक व्यक्ति राजा के यहां नौकरी मांगने आया। राजा ने उसे काम देने से पहले बता दिया कि एकादशी के दिन उसे भी अनाज नहीं मिलेगा। वह व्यक्ति इस शर्त पर नौकरी करने लगा।

ये भी पढ़ें-
Khatu Shyam Janmotsav 2026: कैसे करें बाबा श्याम की पूजा, क्या भोग लगाएं? जानें मंत्र, मुहूर्त और आरती

कुछ दिनों बाद एकादशी आई। उस दिन उसे भी फल और दूध दिया गया, लेकिन उसका पेट नहीं भरा। भूख से परेशान होकर वह राजा के पास पहुंचा और अनाज मांगने लगा। आखिरकार राजा ने उसे अनाज देने की अनुमति दे दी। वह व्यक्ति नदी किनारे गया, स्नान किया और भोजन बनाया। खाना तैयार होने पर उसने भगवान विष्णु को याद करके भोजन करने के लिए बुलाया। भक्त की पुकार सुनकर भगवान विष्णु प्रकट हुए और उसके साथ बैठकर भोजन किया।
अगली एकादशी पर उस व्यक्ति ने राजा से दोगुना अनाज मांगा। उसने बताया कि पिछली बार भगवान विष्णु उसके साथ भोजन करने आए थे। राजा को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ, क्योंकि वह खुद लंबे समय से भगवान की पूजा कर रहा था, लेकिन उसे कभी दर्शन नहीं हुए थे।
इस बार राजा भी उसके साथ नदी किनारे गया और पेड़ के पीछे छिपकर बैठ गया। व्यक्ति ने भोजन बनाकर भगवान को पुकारा, लेकिन काफी देर तक वे नहीं आए। निराश होकर भक्त ने कहा कि अगर भगवान नहीं आए तो वह नदी में कूदकर प्राण दे देगा। उसकी बात सुनते ही भगवान विष्णु प्रकट हो गए और उसके साथ भोजन किया। इसके बाद वे भक्त को दिव्य विमान में बैठाकर वैकुंठ धाम ले गए। यह देखकर राजा को समझ आ गया कि भगवान सच्ची श्रद्धा और समर्पण से प्रसन्न होते हैं, केवल पूजा के नियम निभाने से नहीं।


Disclaimer
इस आर्टिकल में जो जानकारी है, वो धर्म ग्रंथों, विद्वानों और ज्योतिषियों से ली गईं हैं। हम सिर्फ इस जानकारी को आप तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं। यूजर्स इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।