Dhanteras Par Kya Kharide: हर साल कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी तिथि पर धनतेरस पर्व मनाया जाता है। इस दिन खरीदारी का खास महत्व है। इस दिन कुछ खास चीजें जरूर खरीदनी चाहिए और कुछ चीजें खरीदने से बचना चाहिए।

Dhanteras Par Kya Na Kharide: इस बार धनतेरस का पर्व 6 नवंबर, शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस दिन को खरीदी के लिए बहुत ही शुभ माना गया है। मान्यता है कि धनतेरस पर शुभ चीजें घर लाने से सुख-समृद्धि आती है और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस दिन कुछ चीजों की खरीदारी से बचना भी चाहिए? प्रसिद्ध संत और कथावाचक देवकीनंदनजी ठाकुर से जानिए धनतेरस पर क्या खरीदना शुभ है और किन चीजों को खरीदने से बचना चाहिए…

धनतेरस पर क्या-क्या खरीदना चाहिए?

1. देवकीनंदन ठाकुर के अनुसार, धनतेरस पर तांबे के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। इसके अलावा सोना-चांदी की खरीदारी भी की जा सकती है। मान्यता है कि इस दिन इन धातुओं को घर लाने से सुख-समृद्धि आती है।
2. धनतेरस पर झाड़ू खरीदने का भी खास महत्व है। इसे मां लक्ष्मी से जोड़कर देखा जाता है। झाड़ू हमारे घर की सफाई करती है और जहां सफाई होती है, वहीं देवी लक्ष्मी निवास करती है।
3. इसके अलावा देवी लक्ष्मी के चरण चिह्न भी खरीदकर घर लाना शुभ होता है।
4. धनतेरस पर मिट्टी से बनी मां लक्ष्मी तथा भगवान गणेश की मूर्तियां खरीदना भी शुभ बताया गया है। इन्हें घर के पूजा स्थान में स्थापित करके पूजा करनी चाहिए।
5. धनतेरस पर साबूत धनिया खरीदने की भी परंपरा है। इसे खरीदकर पूजा घर में रखना चाहिए।

धनतेरस पर भूलकर भी न खरीदें ये चीजें

1. धनतेरस पर कुछ चीजों की खरीदारी से बचने की सलाह भी दी जाती है। इस दिन लोहे से बनी चीजें नहीं खरीदनी चाहिए। धार्मिक मान्यता में लोहे को शनि ग्रह का कारक माना गया है। इसलिए धनतेरस पर लोहे की वस्तुएं खरीदना अशुभ माना जाता है।
2. इसके अलावा इस दिन स्टील के बर्तन खरीदने से भी बचना चाहिए क्योंकि स्टील बनाने में भी लोहे का उपयोग किया जाता है।
3. धनतेरस पर कांच से बनी चीजें खरीदना भी शुभ नहीं माना गया है। ज्योतिष में कांच का संबंध राहु से बताया जाता है।
4. धनतेरस पर चाकू, कैंची, पिन और सुई जैसी नुकीली या धारदार चीजें भी नहीं खरीदनी चाहिए। शुभ पर्व के दिन ऐसी चीजें घर लाने से बचना चाहिए।