Ganadhip Sankashti Chaturthi 2026: हर महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को संकष्टी चतुर्थी का व्रत किया जाता है। सभी महीनों में इस व्रत का अलग-अलग नाम और महत्व है। अगहन महीने की संकष्टी चतुर्थी को गणाधिप संकष्टी चतुर्थी कहा जाता है।
Ganadhip Sankashti Chaturthi 2026: भगवान श्रीगणेश को सभी देवी-देवताओं में प्रथम पूजनीय माना जाता है। किसी भी शुभ काम की शुरुआत गणेश जी की पूजा से करने की परंपरा है। हर महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर संकष्टी चतुर्थी का व्रत रखा जाता है। मान्यता है कि इस व्रत को करने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. प्रवीण द्विवेदी से जानिए नवंबर 2026 में गणाधिप संकष्टी चतुर्थी की सही तारीख, चंद्रोदय का समय और पूजा का पूरा तरीका…
नवंबर 2026 में कब करें गणाधिप संकष्टी चतुर्थी?
पंचांग के मुताबिक, अगहन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 27 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 9 बजकर 48 मिनट पर शुरू होगी। यह तिथि अगले दिन यानी 28 नवंबर, शनिवार को सुबह 6 बजकर 40 मिनट तक रहेगी। संकष्टी चतुर्थी का व्रत चंद्रमा के दर्शन और पूजा के बाद पूरा किया जाता है। 27 नवंबर को चतुर्थी तिथि के दौरान चंद्रमा उदय होगा, इसलिए गणाधिप संकष्टी चतुर्थी का व्रत 27 नवंबर, शुक्रवार को ही रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें-
Shukra Gochar 2026: शुक्र बदलेगा राशि, प्रेम-पैसा और नौकरी के मामले में 5 राशियों के शुरू होंगे बुरे दिन
27 नवंबर 2026 गणाधिप संकष्टी चतुर्थी शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, 27 नवंबर, शुक्रवार को रात 8 बजकर 32 मिनट पर चंद्रमा उदय होगा। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को चंद्रोदय से पहले भगवान श्रीगणेश की पूजा कर लेनी चाहिए। इसके बाद चंद्रमा के दर्शन करके उन्हें अर्घ्य दें और पूजा करें। चंद्रमा की पूजा के बाद ही व्रत का पारण करना चाहिए।
ये भी पढ़ें-
Surya Gochar 2026: मिथुन-कन्या सहित 4 राशियों के अच्छे दिन शुरू! सूर्यदेव देंगे पैसा, पद और प्रमोशन
गणाधिप संकष्टी चतुर्थी व्रत-पूजा विधि
- व्रत वाले दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। इसके बाद हाथ में जल, अक्षत और फूल लेकर भगवान श्रीगणेश का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें।
- पूरे दिन श्रद्धा के साथ व्रत के नियमों का पालन करें। किसी के बारे में बुरा न बोलें और न ही किसी से झगड़ा करें।
- शाम को पूजा के लिए घर के साफ स्थान पर लकड़ी की चौकी रखें और उस पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करें।
- सबसे पहले गणेश जी को कुमकुम से तिलक लगाएं और फूलों की माला पहनाएं। इसके बाद उनके सामने घी का दीपक जलाएं।
- अब भगवान को अबीर, गुलाल, चावल, दूर्वा, सुपारी, जनेऊ, पान, हल्दी, इत्र और अन्य पूजा सामग्री अर्पित करें।
- पूजा के दौरान 'ऊं गं गणपतये नमः' मंत्र का जाप करते रहें। इसके बाद अपनी श्रद्धा के अनुसार फल, मिठाई या अन्य पकवानों का भोग लगाएं।
- गणेश जी की पूजा पूरी होने पर परिवार के सभी सदस्यों के साथ पहले दीपक और फिर कपूर से आरती करें।
- रात में चंद्रमा निकलने पर उन्हें जल, फूल, अक्षत और कुमकुम अर्पित करें। चंद्रदेव की पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करें और व्रत का पारण करें।
गणेशजी की आरती (Ganesh ji Ki Aarti)
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा ॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा ॥
एक दंत दयावंत, चार भुजाधारी
माथे पे सिंदूर सोहे, मूसे की सवारी ॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा ॥
अंधन को आंख देत, कोढ़िन को काया
बांझन को पुत्र देत, निर्धन को माया ॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा ॥
हार चढ़ै, फूल चढ़ै और चढ़ै मेवा
लड्डुअन को भोग लगे, संत करे सेवा ॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा ॥
दीनन की लाज राखो, शंभु सुतवारी
कामना को पूर्ण करो, जग बलिहारी ॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा ॥
Disclaimer
इस आर्टिकल में जो जानकारी है, वो धर्म ग्रंथों, विद्वानों और ज्योतिषियों से ली गईं हैं। हम सिर्फ इस जानकारी को आप तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं। यूजर्स इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।














