FIH ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 से पहले, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को घोषणा की कि भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को विश्व कप जीतने पर 1 करोड़ रुपए मिलेंगे।

स्पोर्ट्स डेस्क : ओडिशा में 13 जनवरी से लेकर 29 जनवरी तक एफआईएच हॉकी पुरुष विश्वकप (FIH hockey World Cup 2023) का आयोजन किया जाना है। इसके लिए गुरुवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक (Naveen Patnaik) ने वर्ल्ड कप विलेज (World Cup village) का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ना सिर्फ भारतीय हॉकी टीम की सराहना की बल्कि उनके लिए एक बड़ा अनाउंसमेंट भी किया...

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

खेल विलेज का उद्घाटन
गुरुवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राउरकेला के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम परिसर में विश्व कप विलेज का उद्घाटन किया। इस मौके पर ओडिशा के खेल मंत्री टीके बेहरा, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की, सचिव (5टी) वी के पांडियन, सचिव खेल आर विनील कृष्णा, एमडी आईडीसीओ भूपेंद्र सिंह पूनिया, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह और ओडिशा सरकार और हॉकी इंडिया के अधिकारी मौजूद रहे।

खिलाड़ियों के लिए इनाम की घोषणा
इस मौके पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घोषणा की कि भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को विश्व कप जीतने पर 1 करोड़ रुपए मिलेंगे। इसके साथ ही सीएम ने विश्व कप विलेज में ठहरी राष्ट्रीय पुरुष हॉकी टीम से बातचीत की। उन्होंने कहा कि, 'अगर हमारा देश विश्व कप जीतता है तो टीम इंडिया के प्रत्येक खिलाड़ी को एक करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा। मैं टीम इंडिया को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे चैंपियन बनकर उभरें।' इस दौरान खिलाड़ियों ने भी ओडिशा सरकार और सीएम की प्रशंसा की और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

रिकॉर्ड 9 महीने में तैयार हुआ वर्ल्ड कप विलेज
बता दें कि एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप का आयोजन 13 से 29 जनवरी तक भुवनेश्वर और राउरकेला में किया जाएगा। इसके लिए विश्व कप विलेज को रिकॉर्ड नौ महीने के अंदर तैयार किया गया है और इसमें हॉकी विश्व कप के स्तर के अनुरूप सभी सुविधाओं के साथ 225 कमरे हैं। इस विश्व कप विलेज में आगामी हॉकी विश्व कप की टीमें और अधिकारी रहेंगे। इसके लिए हॉकी इंडिया ने ताज ग्रुप के साथ अनुबंध भी किया है। ये लगातार दूसरी बार है जब ओडिशा हॉकी विश्व कप की मेजबानी कर रहा है।

यह भी पढ़ें: एशिया कप में कैसे होगी भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत? जानें एशियन टीमों के 2 साल का फुल शेड्यूल