Arjun Tendulkar Career: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर का क्रिकेट करियर अब तक कैसा रहा और क्रिकेट से उन्हें कितनी कमाई होती है, आइए जानते हैं।

Arjun Tendulkar Net worth: भारतीय युवा खिलाड़ी अर्जुन तेंदुलकर अपनी सगाई को लेकर सुर्खियों में है। 25 साल की उम्र में उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त सानिया चंडोक से सगाई कर ली। सोशल मीडिया पर उनकी सगाई की न्यूज तेजी से ट्रेंड कर रही है। इस बीच आइए जानते हैं अर्जुन तेंदुलकर के प्रोफेशनल करियर के बारे में, उन्होंने कब क्रिकेट खेलना शुरू किया और क्रिकेट से उन्हें कितनी कमाई होती है...

अर्जुन तेंदुलकर का क्रिकेट करियर (Arjun Tendulkar's cricket career)

अर्जुन तेंदुलकर एक बाएं हाथ के गेंदबाज और बल्लेबाज भी हैं। उनका जन्म 24 सितंबर 1999 को हुआ था। 22 जनवरी 2010 को उन्होंने अंडर-13 में पुणे के लिए डेब्यू किया। इसके बाद 15 जनवरी 2021 को उन्होंने मुंबई के लिए टी20 डेब्यू किया। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलते हुए उन्होंने हरियाणा के खिलाफ तीन ओवर में 34 रन देकर एक विकेट भी चटकाया था। फिलहाल अर्जुन तेंदुलकर गोवा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं।

और पढे़ं- कौन हैं तेंदुलकर परिवार की होने वाली बहू सानिया चंडोक, लाइमलाइट से दूर करती हैं ये काम

अर्जुन तेंदुलकर का आईपीएल करियर (Arjun Tendulkar's IPL career)

अर्जुन तेंदुलकर के आईपीएल करियर की बात की जाए, तो साल 2021 में उन्हें मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, चोट के कारण वो उस सीजन में नहीं खेल पाए थे। 2022 में मुंबई इंडियंस ने 30 लाख में उन्हें टीम में शामिल किया, लेकिन वो पूरे सीजन बेंच पर ही बैठे रहे। 2023 में अर्जुन तेंदुलकर को खेलने का मौका मिला, उन्होंने चार मैच खेले और तीन विकेट चटकाए। 2024 में भी उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए एक मैच खेला, लेकिन कोई भी विकेट नहीं ले पाए। आईपीएल 2025 में भी उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। आईपीएल के कुल 5 मैचों में अब तक वह तीन विकेट ले चुके हैं और उनके बल्ले से 13 रन ही निकले।

ये भी पढे़ं- अर्जुन तेंदुलकर फिर से मुंबई इंडियंस में, जानें कितना मिला पैसा

क्रिकेट से कितनी कमाई करते हैं अर्जुन तेंदुलकर (How much does Arjun Tendulkar earn from cricket)

रिपोर्ट के अनुसार, अर्जुन तेंदुलकर की नेटवर्थ करीब 22 करोड़ रुपए है, जबकि उनके पिता सचिन की नेटवर्थ 1400 करोड़ के आसपास है। अर्जुन की कमाई का मेन सोर्स क्रिकेट है। आईपीएल में मुंबई इंडियंस उन्हें हर सीजन का 30 लाख रुपए देती है। इसके अलावा डोमेस्टिक क्रिकेट खेल कर वह सालाना करीब 10 लाख रुपए कमाते हैं। वो कई सारे ब्रांड एंडोर्समेंट भी करते हैं।