Delhi Capitals vs Mumbai Indians: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 5 बार की चैंपियन MI को 6 विकेट से करारी शिकस्त मिली है। रोहित के रिकॉर्ड और सूर्या की फिफ्टी के बावजूद, समीर रिजवी के 90 रनों के तूफान ने मुंबई की हार तय कर दी। कप्तानी में चूक हुई या खराब फील्डिंग ले डूबी? जानें मुंबई की इस हार के वो 5 सबसे बड़े कारण जिन्होंने मैच का पासा पलट दिया।

DC vs MI Match Result: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार की शाम मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। 5 बार का चैंपियन टीम को दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से धूल चटा दी। यह दिल्ली की लगातार दूसरी जीत है। रोहित के छक्कों का रिकॉर्ड बना और सूर्या ने फिफ्टी भी जड़ी, लेकिन फिर भी मुंबई क्यों हारी? क्या हार्दिक पंड्या का न होना टीम को भारी पड़ा या सूर्या से कप्तानी में कोई चूक हुई? आइए समझते हैं हार की 5 सबसे बड़ी वजहें...

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इम्पैक्ट प्लेयर समीर रिजवी की धमाकेदार बैटिंग

दिल्ली के लिए 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर आए समीर रिजवी ने मैच का पूरा नक्शा ही बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 51 गेंदों पर 90 रनों की तूफानी पारी खेली। मुंबई के गेंदबाज उनके सामने बेबस नजर आए। रिजवी की इस बैक-टू-बैक दूसरी फिफ्टी ने मुंबई के जबड़े से जीत छीन ली।

Scroll to load tweet…

हार्दिक पंड्या का अचानक बाहर होना

टॉस के वक्त जब सूर्या कप्तानी करने आए, तो हर कोई हैरान था। पता चला कि हार्दिक पूरी तरह फिट नहीं हैं। मैदान पर मुंबई को अपने रेगुलर कप्तान और फिनिशर हार्दिक की कमी खली। मिडिल ऑर्डर में कोई ऐसा बल्लेबाज नहीं था जो अंत में तेजी से रन बना सके।

'जीवनदान' बने मुंबई के लिए काल

मैच में दिल्ली के ओपनर पाथुम निसांका को एक नहीं, बल्कि दो-दो जीवनदान मिले। पहले दीपक चाहर और फिर नमन धीर ने उनके आसान कैच टपका दिए। इन गलतियों का फायदा उठाकर निसांका ने 44 रन जोड़े और दिल्ली को वो मजबूती दी जिसकी उसे जरूरत थी।

मिडिल ऑर्डर का सरेंडर

रोहित शर्मा (35 रन) और सूर्यकुमार यादव (51 रन) ने 10वीं बार फिफ्टी पार्टनरशिप करके एक शानदार प्लेटफॉर्म तैयार किया था, लेकिन इन दोनों के आउट होते ही मुंबई की बैटिंग ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। 162 रन का स्कोर इस छोटी बाउंड्री वाले मैदान पर बहुत कम था।

Scroll to load tweet…

मुकेश कुमार की घातक फील्डिंग और बॉलिंग

दिल्ली के गेंदबाज मुकेश कुमार ने न सिर्फ 2 विकेट झटके, बल्कि फील्डिंग में भी कमाल कर दिया। उन्होंने तिलक वर्मा का अपनी ही गेंद पर जो 'कैच एंड बोल्ड' लपका, उसने मुंबई के खेमे में सन्नाटा पसारा दिया। इसके अलावा उनके दो शानदार कैच ने मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।

DC vs MI मैच के रिकॉर्ड्स-मोमेंट्स

  • रोहित शर्मा ने दिल्ली के खिलाफ अपने 50 छक्के पूरे कर लिए हैं। अब वे किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।
  • सूर्या-रोहित की जोड़ी ने मुंबई के लिए 10वीं बार 50+ रन की साझेदारी की है।
  • भले ही मुंबई हार गई, लेकिन जसप्रीत बुमराह के डायरेक्ट हिट ने नीतीश राणा को जिस तरह आउट किया, उसने फैंस का दिल जीत लिया।