IPL में आज दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात टाइटंस मैच है। दिल्ली की पिच हाई स्कोरिंग है, जबकि राहुल-सिराज मुकाबला अहम रहेगा। मौसम में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। नीतीश राणा की खराब फॉर्म और रबाडा की महंगी गेंदबाजी चिंता का एक बड़ा कारण है।

DC vs GT Match Today: आईपीएल 2026 का 14वां मुकाबला आज 8 अप्रैल को गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाना है। दिल्ली स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में होनेवाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने के आसार हैं। बता दें कि दोनों ही टीमों का ये मौजूदा सीजन का तीसरा मैच है। दिल्ली दोनों मैच जीतकर 4 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर है, जबकि गुजरात अपने दोनों शुरुआती मुकाबले हारकर 9वें स्थान पर है। IPL में दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले हुए हैं। इनमें दिल्ली कैपिटल्स ने 3, जबकि गुजरात टाइटंस ने 4 मैचों में जीत दर्ज की है। IPL 2025 में दोनों के बीच 2 मुकाबले हुए थे, जिन्हें GT ने जीता था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अरुण जेटली स्टेडियम के आंकड़े और हाई-स्कोरिंग ट्रेंड

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच नंबर 5 पर हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं। IPL 2024 और 2025 में यहां चार नाइट मैच खेले गए हैं, जिनमें औसत रन रेट 10.11 रहा है। खास बात यह है कि डेथ ओवर्स में रन बनाने की रफ्तार और तेज हो जाती है, जहां रन रेट 12.67 तक पहुंच जाता है। इससे साफ है कि बल्लेबाजों को यहां खूब फायदा मिलता है। जेटली स्टेडियम में IPL के अब तक 98 मुकाबले हुए हैं। इनमें पहले बैटिंग करने वाली टीम 47, चेज करने वाली टीम 50 बार जीती है। यहां का हाइएस्ट स्कोर 278/3 है, जो सनराइजर्स हैदराबाद ने 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बनाया था।

KL राहुल vs मोहम्मद सिराज: दिलचस्प मुकाबला

KL राहुल इस टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक रन बना पाए हैं, लेकिन ओपनिंग करते समय वह मोहम्मद सिराज के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड रखते हैं। राहुल ने सिराज के खिलाफ 9 पारियों में 79 गेंदों पर 135 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 170.88 है। वह सिर्फ एक बार ही सिराज के खिलाफ आउट हुए हैं। हालांकि, गुजरात टाइटंस सिराज की बजाय कगिसो रबाडा को राहुल के खिलाफ इस्तेमाल कर सकती है। रबाडा ने 12 पारियों में राहुल को तीन बार आउट किया है और उनका औसत 22.66 रहा है।

रिजवी का रिकॉर्ड: लगातार अवॉर्ड जीतने का मौका

मुंबई इंडियंस के खिलाफ 90* रन की शानदार पारी खेलने वाले रिजवी इस समय शानदार फॉर्म में हैं। वह IPL इतिहास में लगातार तीन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने वाले सातवें पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। यह सिलसिला IPL 2025 के आखिरी मैच से शुरू हुआ था। अगर वह इस मैच में भी शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो वह लगातार चार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं।

DC vs GT: पिच रिपोर्ट और मौसम अपडेट

दिल्ली की पिच पर एक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है। मैच से पहले रुक-रुककर बारिश हुई है और मौसम विभाग के अनुसार शाम 4 बजे के आसपास आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, मैच शुरू होने से पहले मौसम साफ होने की संभावना है, लेकिन पिच पर नमी बनी रह सकती है। इससे शुरुआती ओवर्स में तेज गेंदबाजों को विकेट से मदद मिल सकती है। दिल्ली में तापमान 17 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 

गुजरात टाइटंस संभावित प्लेइंग XI

शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, शाहरुख खान, कगीसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

दिल्ली कैपिटल्स संभावित प्लेइंग XI

अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, नीतीश राणा, विपराज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, टी नटराजन, समीर रिजवी।