Delhi Premier League 2026: DPL 2026 में आउटर दिल्ली वॉरियर्स और सेंट्रल दिल्ली किंग्स के मुकाबले के बाद प्रियांश आर्य और यश ढुल के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों को साथी खिलाड़ियों ने अलग किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
DPL 2026 viral video: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में जहां एक ओर बल्लेबाजों के चौके-छक्के दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खिलाड़ियों के बीच हो रही तकरार भी खूब सुर्खियां बटोर रही है। आउटर दिल्ली वॉरियर्स और सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले के बाद कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। मैच खत्म होने के बाद प्रियांश आर्य और यश ढुल के बीच तीखी बहस हो गई। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मैच खत्म होते ही गर्म हुआ माहौल
दरअसल, दोनों आउटर दिल्ली वॉरियर्स और सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। लेकिन मैच खत्म होने के बाद मैदान पर अचानक माहौल गर्म हो गया। वायरल वीडियो में प्रियांश आर्य और यश ढुल एक-दूसरे से बहस करते नजर आ रहे हैं। मामला बढ़ता देख साथी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ तुरंत दोनों के बीच पहुंचे और उन्हें अलग करने की कोशिश की। हालांकि, दोनों के बीच बहस किस वजह से शुरू हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
आउटर दिल्ली ने 25 रन से जीता मुकाबला
इस मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 216 रन बनाए। टीम की ओर से जयश शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 46 रन बनाए। वहीं, प्रियांश आर्य इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 18 गेंदों में 19 रन बनाए। 216 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान यश ढुल ने 23 गेंदों में 47 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने की कोशिश की। उनके अलावा जसवीर शेहरावत ने भी शानदार बल्लेबाजी की और 33 गेंदों में 62 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। हालांकि, दोनों की शानदार पारियां टीम को जीत नहीं दिला सकीं। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की पूरी टीम 17.2 ओवर में 191 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने मुकाबला 25 रन से अपने नाम कर लिया।
कौन हैं प्रियांश आर्य और यश ढुल?
प्रियांश आर्य और यश ढुल दोनों ही दिल्ली क्रिकेट के चर्चित युवा बल्लेबाज हैं। यश ढुल अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 जिताकर पहचान बना चुके हैं। वहीं, प्रियांश आर्य ने दिल्ली प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई और बाद में IPL में भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से प्रभावित किया। वह 2026 में पंजाब किंग्स के लिए भी खेल चुके हैं। फिलहाल मैच का नतीजा आउटर दिल्ली के पक्ष में रहा, लेकिन मैच के बाद हुई प्रियांश और यश की बहस ने सोशल मीडिया पर मुकाबले से अलग ही सुर्खियां बटोर ली हैं।
DPL 2026 को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल
1. प्रियांश आर्य और यश ढुल के बीच क्या हुआ?
मैच खत्म होने के बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद साथी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने उन्हें अलग किया।
2. प्रियांश आर्य और यश ढुल के बीच विवाद की वजह क्या थी?
अभी तक दोनों के बीच बहस की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।
3. DPL 2026 का यह मुकाबला किसने जीता?
आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 25 रन से हराया।
