दिल्ली के खिलाफ स्पिनर चहल को ओवर न देने पर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर की आलोचना हो रही है। यह टीम की लगातार चौथी हार थी। विशेषज्ञों ने इसे गलत फैसला कहा, जबकि अय्यर ने पिच को तेज गेंदबाजों के अनुकूल बताया।
धर्मशाला: IPL में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में स्पिनर युजवेंद्र चहल के टीम में होने के बावजूद उन्हें एक भी ओवर गेंदबाज़ी न देने पर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर की जमकर आलोचना हो रही है। पंजाब की इस सीज़न में यह लगातार चौथी हार थी, जिसके बाद पूर्व क्रिकेटरों और एक्सपर्ट्स ने अय्यर को आड़े हाथों लिया है। खास बात यह रही कि पंजाब की पारी के दौरान दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने भी एक भी ओवर नहीं फेंका। इस तरह यह IPL का एक ऐसा अनोखा मैच बन गया, जिसमें किसी भी टीम के स्पिनर ने गेंदबाज़ी नहीं की।

पूर्व भारतीय तेज़ गेंदबाज़ डोड्डा गणेश ने श्रेयस के इस फैसले को 'बेवकूफी' करार दिया। उन्होंने कहा कि यह यकीन करना मुश्किल है कि जब मार्कस स्टोइनिस, यश ठाकुर, बेन ड्वारशुइस और मार्को यानसेन जैसे पेसर 11 रन प्रति ओवर से ज़्यादा लुटा रहे थे, तब भी अय्यर ने चहल जैसे स्पेशलिस्ट स्पिनर को नज़रअंदाज़ कर दिया। डोड्डा गणेश ने कहा, "चहल जैसा चैंपियन गेंदबाज़ बेंच पर बैठा रहा और उसे एक मौका तक नहीं मिला, यह अविश्वसनीय है। स्टोइनिस से ज़्यादा विकेट लेने की काबिलियत तो चहल में थी। पता नहीं यह अंधविश्वास कब खत्म होगा कि धर्मशाला में स्पिनरों को मदद नहीं मिलती।"
पूर्व भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने भी श्रेयस और अक्षर, दोनों के फैसलों पर हैरानी जताई। कैफ ने कहा, "मैं हैरान हूं कि धर्मशाला में दोनों टीमों ने अपने स्पिनरों का इस्तेमाल नहीं किया। आंकड़े बताते हैं कि यहां स्पिनरों का इकॉनमी रेट पेसरों से बेहतर रहा है। अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल का एक भी ओवर न फेंकना वाकई बहुत अजीब है।"
हालांकि, मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने अपने इस विवादित फैसले पर सफाई दी। उन्होंने कहा, “पिच और हालात को देखते हुए मैंने स्पिनर को गेंदबाज़ी न देने का फैसला किया। मैंने चहल को गेंद देने के बारे में सोचा था, लेकिन गेंद अच्छी तरह सीम हो रही थी और मुझे लगा कि इससे तेज़ गेंदबाज़ों को मदद मिलेगी। अगर हमारे गेंदबाज़ों ने सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाज़ी की होती, तो हमें विकेट मिल सकते थे। दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो पाया।”
