आयरलैंड-इंग्लैंड T20 दौरे के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है। 2026 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर हैं। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार मौका मिला है।
बेंगलुरु: BCCI ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज़ के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो T20 मैच और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ तीन T20 मैचों की सीरीज़ के लिए भारतीय टीम की घोषणा की गई है। श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि 2026 T20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। वहीं, IPL में रनों का अंबार लगाने वाले युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया गया है।

श्रेयस अय्यर बने T20 टीम के नए कप्तान
सूर्यकुमार यादव पिछले डेढ़ साल से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। हालांकि, उनकी कप्तानी में टीम ने सफलता हासिल की, लेकिन उनका बल्ला खामोश रहा। भविष्य की टीम तैयार करने के मकसद से अब मुंबई के श्रेयस अय्यर को यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। श्रेयस अय्यर अपनी कप्तानी में KKR को IPL चैंपियन बना चुके हैं और इससे पहले पंजाब किंग्स को भी फाइनल तक ले गए थे। हालांकि, 19वें सीजन में पंजाब किंग्स की टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच पाई थी।
तिलक वर्मा को मिली उप-कप्तानी
युवा क्रिकेटर तिलक वर्मा को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। तिलक ने हाल के सालों में लगातार शानदार बल्लेबाजी की है और सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। IPL में भी वह मुंबई इंडियंस के लिए मिडिल ऑर्डर में एक भरोसेमंद बल्लेबाज के तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं।
वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका
IPL में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से धूम मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को पहली बार सीनियर टीम में जगह मिली है। उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी। अगर वैभव को आयरलैंड के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन जाएंगे। इसके अलावा IPL में चमकने वाले प्रिंस यादव को भी टीम इंडिया में जगह मिली है।
आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज़ के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी।
