Tilak Varma Record: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 में तिलक वर्मा ने कमाल कर दिया। 26 गेंदों में 51 रन बनाकर हारी हुई बाजी तो जिताई ही, फील्डिंग में भी रिकॉर्ड बनाया।
Tilak Varma World Record: न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में विस्फोटक बल्लेबाज तिलक वर्मा ने ऐसा गदर काटा कि देखने वाले बस देखते रह गए। तिलक ने सिर्फ अपने बल्ले से ही हारी हुई बाजी नहीं जिताई, बल्कि फील्डिंग में भी एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो क्रिकेट के इतिहास में आज तक कोई नहीं कर पाया था। अब टीम इंडिया 5 मैच की सीरीज में 2-0 से आगे है। आइए जानते हैं कि 'प्लेयर ऑफ द मैच' बने तिलक वर्मा ने आखिर क्या कारनाम किया है...
तिलक सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले प्लेयर
तिलक वर्मा अब टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। शनिवार को मैच के दौरान उन्होंने तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डैरिल मिचेल का एक शानदार कैच लपका। बस इसी एक कैच ने उन्हें इतिहास के पन्नों में दर्ज कर दिया। इस कैच के साथ ही साल 2026 में टी-20 इंटरनेशनल मैचों में तिलक के कुल 26 कैच पूरे हो गए। इसी के साथ वो एक साल (कैलेंडर ईयर) में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले दुनिया के नंबर-1 फील्डर बन गए हैं। उन्होंने इंडोनेशिया के खिलाड़ी डैनिलसन हावो का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने एक साल में 25 कैच लपके थे।
एक साल में सबसे ज्यादा टी-20 कैच पकड़ने वाले टॉप-5 खिलाड़ी
तिलक वर्मा (भारत)- 26 कैच (साल 2026)
डैनिलसन हावो (इंडोनेशिया)- 25 कैच (साल 2025)
मुहम्मद वसीम (UAE)- 24 कैच (साल 2024)
शार्पिन मुनियांडी (मलेशिया)- 21 कैच (साल 2025)
ब्रायन मसाबा (युगांडा)- 20 कैच (साल 2023)
भारत vs न्यूजीलैंड: जब 31 गेंदों में चाहिए थे 69 रन, तब आया तिलक का तूफान
फील्डिंग के बाद अब बात करते हैं तिलक के बल्ले की। मैच में भारत को जीतने के लिए 181 रनों का टारगेट मिला था। हालात बहुत खराब थे। 15वें ओवर तक स्कोर बोर्ड पर सिर्फ 112 रन थे और हमारे 6 अहम बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे। मैच की आखिरी 31 गेंदें बची थीं और जीत के लिए 69 रनों की जरूरत थी। हार एकदम सामने खड़ी थी। लेकिन क्रीज पर डटे तिलक वर्मा ने अपने जोड़ीदार नीतीश रेड्डी (13 गेंद में 26 रन) के साथ मिलकर कीवी गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई।
तिलक वर्मा ने 26 गेंदों पर 51 रन बनाए
तिलक ने सिर्फ 26 गेंदों का सामना किया और 51 रनों की तूफानी पारी खेल डाली। मैच की आखिरी गेंद बचने तक भारत ने टारगेट हासिल कर लिया। इसके बाद तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी का सेलीब्रेशन देखने लायक था। भारत ने यह मैच 4 विकेट से जीतकर 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।


