IND vs NZ: न्यूजीलैंड को 3-1 से हराने के बाद गौतम गंभीर ने भारतीय गेंदबाजों की तारीफ की। जानिए अर्शदीप, सिराज और गुरनूर बराड़ का प्रदर्शन।

Gautam Gambhir on Team India Victory: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें वनडे में जीत के साथ भारत ने सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। चौथे वनडे में मिली करारी हार के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर सवाल उठाए थे। हालांकि, पांचवें वनडे में 22 रनों से जीत दर्ज करने के बाद उनका रुख बदला हुआ नजर आया। इस बार गंभीर ने भारतीय गेंदबाजी यूनिट की जमकर तारीफ की और सीरीज जीत का पूरा श्रेय गेंदबाजों को दिया। मैच के बाद गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने अपने ऑफिशियल अकाउंट पर लिखा, "गेंदबाज ही आपको सीरीज जिताते हैं! मुझे अपने लड़कों पर गर्व है।"

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

  • चौथे वनडे को छोड़ दें तो पूरी सीरीज में भारतीय गेंदबाजी यूनिट का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा।
  • गेंदबाजों ने मुश्किल परिस्थितियों में भी टीम को संभाला और कई मौकों पर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
  • सीरीज के आंकड़ों पर नजर डालें तो न्यूजीलैंड की टीम पहले वनडे में 185 रन, दूसरे वनडे में 134 रन और पांचवें वनडे में 187 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
  • इन तीनों मुकाबलों में भारतीय गेंदबाजों ने अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
  • खास बात यह रही कि भारत के तीन प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा इस सीरीज में नहीं खेले।
  • इसके बावजूद टीम के दूसरे तेज गेंदबाजों ने जिम्मेदारी संभाली और अपने प्रदर्शन से भारत को सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई।
Scroll to load tweet…

गुरनूर बराड़ बने प्लेयर ऑफ द सीरीज, अर्शदीप ने भी मचाया धमाल

  • इस सीरीज में भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन का अंदाजा उनके विकेटों के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। गुरनूर बराड़ ने तीन मैचों में कुल नौ विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया।
  • वहीं, अर्शदीप सिंह ने चार मैचों में आठ विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की। इसके अलावा अंशुल कंबोज, आकिब नबी और मोहम्मद सिराज ने भी जरूरत के समय अहम विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया।
  • भारतीय गेंदबाजों ने साबित किया कि प्रमुख तेज गेंदबाजों की गैरमौजूदगी में भी टीम के पास ऐसे विकल्प मौजूद हैं, जो मुश्किल परिस्थितियों में मैच का रुख बदल सकते हैं।

89 रन पर ऑलआउट होने के बाद बल्लेबाजों पर भड़के थे गौतम गंभीर

  • गौतम गंभीर की गेंदबाजों की तारीफ उनके उस बयान से बिल्कुल अलग थी, जो उन्होंने चौथे वनडे में भारत की करारी हार के बाद दिया था। उस मुकाबले में भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही थी और पूरी टीम महज 89 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।
  • इस हार के बाद गंभीर ने बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने साफ कहा था कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसी कोई गेंद नहीं होती, जिसे खेला ही न जा सके। टीम को शुरुआती 10 ओवर संभलकर खेलने की जरूरत थी।
  • चौथे वनडे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कहा था, “इंटरनेशनल क्रिकेट में कोई भी गेंद ऐसी नहीं होती जिसे खेला न जा सके। हमें बस शुरुआती 10 ओवरों को सुरक्षित निकालना था। मैट हेनरी ने अच्छी जगहों पर गेंदबाजी की, लेकिन हमें उसका सामना करना आना चाहिए था।”
  • उन्होंने आगे कहा, “जब आप 90 के आसपास के स्कोर पर ऑलआउट हो जाते हैं, तो यह चिंता की बात होती है। ये स्थितियां विश्व कप के काफी करीब हैं। पिछले मैच में भी हमने सात विकेट गंवा दिए थे; यह चिंता का विषय है।”

पांचवें वनडे में भारतीय तेज गेंदबाजों अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारत 209 रनों के छोटे लक्ष्य का बचाव करने में सफल रहा। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 187 रनों पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 22 रनों से जीत लिया।